बरेली कॉलेज में पर्दे सिर्फ दिखावा? छात्राओं के साथ जो हुआ उसने खड़े किए सुरक्षा पर सवाल
बरेली कॉलेज में स्नातक और प्रोफेशनल परीक्षाओं के दौरान सुरक्षा नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। महिला परीक्षार्थियों की तलाशी सार्वजनिक रूप से की ...और पढ़ें

खुले में की जा रही छात्राओं की चेकिंंग
HighLights
महाविद्यालय में महिला परीक्षार्थियों की तलाशी के लिए लगाए गए हैं पर्दे
बाहरी वाहनों का परिसर में धड़ल्ले से हुआ प्रवेश, कागजों तक सिमटा प्रतिबंध
जागरण संवाददाता, बरेली। बरेली कालेज में इन दिनों स्नातक और प्रोफेशनल पाठ्यक्रमों की परीक्षाएं कराई जा रही हैं। इस दौरान परिसर में बाहरी लोगों का प्रवेश पूर्ण रूप से प्रतिबंधित कर दिया गया है, लेकिन इस नियम की धज्जियां उड़ाते हुए जिम्मेदार छात्रनेताओं, ई-रिक्शा और आटो चालकों को विशेष छूट दे रहे हैं। वहीं, प्रवेश के समय परीक्षार्थियों की चेकिंग में भी नियमों का पालन नहीं किया गया, पर्दे लगे होने के बाद भी छात्राओं की चेकिंग सरेआम की गई।
कालेज में गुरुवार को तीसरी पाली में स्नातक प्रोफेशनल और परास्नातक प्रथम सेमेस्टर की परीक्षाएं कराई गईं, जिसमें 1542 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। दोपहर 2:41 बजे छात्राएं पूर्वी गेट के बैरियर से प्रवेश कर रही थीं। यहां छात्राओं की तलाशी के लिए पर्दे (बैरिकेड) लगाए गए हैं, जिससे महिला परीक्षार्थी असहज न महसूस करें।
इसके विपरीत प्राक्टोरियल बोर्ड की महिला सदस्यों ने छात्राओं को आगे की ओर बुलाया और सार्वजनिक रूप से उनकी तलाशी ली, जिससे कई छात्राएं असहज हुईं। लेकिन परीक्षा के चलते सभी कक्षा में चली गईं। वहीं, छात्रों की तलाशी में भी खानापूर्ति की जाती रही, जिसमें सिर्फ उनके प्रवेशपत्र को देखकर प्रवेश दिया जा रहा था।
फर्राटे भरते दिखे बाहरी वाहन
प्राचार्य प्रो. ओमप्रकाश राय ने परीक्षा समय में गोपनीयता बनाए रखने के लिए बाहरी वाहनों के परिसर में प्रवेश पर रोक लगाई है, जिसका सिर्फ कागजों में पालन किया जा रहा है। सुबह 11:30 बजे से 2:30 बजे के बीच दूसरी पाली मेें विधि की परीक्षा कराई जा रही थी। इसमें 1452 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। परीक्षा समय में पूर्वी गेट के बैरियर के पास करीब आठ कर्मचारी बैठे हुए थे। दोपहर 12:55 बजे एक छात्र संगठन से जुड़े कुछ पदाधिकारी स्कूटी से बेरोकटोक परिसर में प्रवेश कर गए, जिन्हें रोकने की सुरक्षाकर्मियों ने हिम्मत नहीं जुटाई।
खबरें और भी
इसके बाद दोपहर 2:30 बजे एक ई-रिक्शा परिसर में जाते दिखा, कुछ देर बाद दोपहर 2:40 बजे एक छात्र नेता कार से परिसर में टहलते हुए नजर आया। पूरे दिन परीक्षा समय में यही स्थिति बनी रही, बाहरी लोगों से लेकर छात्र संगठनों से जुड़े कार्यकर्ताओं के वाहन परिसर में फर्राटा भरते नजर आए। ऐसे में समय परीक्षार्थी भी खुद को असहज महसूस करते दिखे।
कालेज में प्रवेश के दौरान नियमित रूप से चेकिंग की जा रही है। अगर कोई अनियमितता मिलती है तो उसे दिखवाया जाएगा।
- प्रो. आलोक खरे, चीफ प्राक्टर, बरेली कालेज
यह भी पढ़ें- बरेली कॉलेज के छात्र ध्यान दें: अगर आप भी क्लास शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं, तो यह रिपोर्ट जरूर पढ़ें