विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

एक टंकी ढही तो खुली जल निगम की नींद, बरेली की 10 परियोजनाओं को बचाने के लिए सिंचाई विभाग ने शुरू किया 'मास्टर प्लान'

Published: Wed, 16 Sep 2026 11:05 PM (IST)

मीरगंज में किच्छा नदी के कटान से एक ओवरहेड टैंक ढहने के बाद जल निगम ने बरेली में 10 अन्य ...और पढ़ें

एआई इमेज है।

एआई इमेज है।

HighLights

  1. सर्वे में नदी से 1000 व 1200 मी. पर स्थित हैं परियोजनाएं, अब जल निगम ने सिंचाई विभाग के साथ बचाव को शुरु की पहल

जागरण संवाददाता, बरेली। जल जीवन मिशन के तहत निर्माणाधीन व बनकर तैयार हुए 10 और ओवरहेड टैंक भाखड़ा, किच्छा व अन्य नदियों के खतरे की आशंका से घिर गए हैं। यह सभी परियोजनाएं नदियों के तट से बहुत दूर नहीं हैं। अगर भविष्य में नदियां अपना स्वरूप बदलेंगी तो इन परियोजनाओं को नुकसान पहुंच सकता है।

फिलहाल जल निगम ग्रामीण ने बाढ़ एवं सिंचाई विभाग के साथ भविष्य की संभावनाओं व सुरक्षात्मक प्रबंध पर तैयारी शुरू कर दी है। सुरक्षात्मक प्रबंध पर काम किया जा रहा है।

जल जीवन मिशन के तहत मीरगंज तहसील के बैरम नगर में आठ सितंबर को किच्छा नदी का जलस्तर बढ़ने से पानी की टंकी जमींदोज हो गई थी। परियोजना नदी में समाने के बाद उसके स्थल चयन को लेकर सवाल उठने लगे थे।

जल जीवन मिशन: परियोजना विवरण (बरेली)

घटक / विवरण आंकड़ा / जानकारी
राजस्व गांव 1,801
कुल लंबाई 8,652 किमी.
जल कनेक्शन 4,63,581
पंप हाउस 890
ओवरहेड टैंक 877
ट्यूबवेल 890
कार्यदायी एजेंसी एनसीसी लिमिटेड (हैदराबाद)

इसके बाद जल निगम ग्रामीण ने नदी का पानी अप्रत्याशित रूप से करीब एक किलोमीटर तक गांव क्षेत्र में आने से कटान होने को इसकी वजह माना। हालांकि स्थल चयन प्रक्रिया में पूरी गंभीरता बरतने की बात प्रारंभिक जांच में सामने आई।

इसके बाद जल निगम ने जिले में निर्माणाधीन अन्य परियोजनाओं का सर्वे कराया। देखा गया कि अगर नदी भविष्य में अपना स्वरूप बदलती है तो कौन सी परियोजनाएं प्रभावित हो सकती हैं।

एक्सईएन जल निगम आकांक्षा सिंह के अनुसार जिले में दस और परियोजनाएं भाखड़ा व अन्य नदियों से 1000 मीटर या 1200 मीटर की दूरी पर हैं, जो फिलहाल पूरी तरह सुरक्षित हैं।

बावजूद इसके एहतियात के तौर पर जल निगम की ओर से प्रशासन को पत्र लिख बाढ़ एवं सिंचाई विभाग के साथ समन्वय बनाकर सुरक्षात्मक प्रबंध पर भी काम शुरू कर दिया है।

यह परियोजनाएं नदियों के किनारे

बहेड़ी विकास खंड के बनकौली, भकवा, रतनपुर उर्फ नौदंडी, मीरगंज के पहुंचा बुजुर्ग, सिंधौली व नौसाना, बिथरी चैनपुर में मुड़िया अहमदनगर, केसरपुर व भोजीपुरा विकास खंड में बीरपुर उर्फ कसम नगर, आलमपुर जाफराबाद में बांगरपुर शामिल हैं जो भाखड़ा, नकटिया व अन्य नदियों के आसपास स्थित हैं।

यह भी पढ़ें- बरेली में बनेगा पशु प्रजनन का सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, पशुपालन विभाग और लीड्स जेनेटिक्स के बीच हुआ MoU