बरेली में सड़क हादसों का कहर, होली पर्व पर घर लौट रहे युवक समेत तीन की मौत
बरेली में होली मनाने घर लौट रहे एक युवक की मीरगंज थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में मौत हो गई। अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। ...और पढ़ें


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, बरेली। मीरगंज थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर नल नगरिया तिराहे के पास देर रात सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। युवक रुद्रपुर से होली मनाने अपने घर लौट रहा था।
फतेहगंज पश्चिमी के ग्राम टिटौली गांव निवासी 32 वर्षीय गुड्डू उर्फ लालाराम उत्तराखंड के रुद्रपुर में नौकरी करता था। होली के त्योहार के लिए मंगलवार देर रात वह बाइक से अपने पैतृक गांव लौट रहा था।
हाईवे पर मीरगंज थाना क्षेत्र के नल नगरिया तिराहे के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक को रौंद दिया। हादसे में गुड्डू सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को बरेली के एक अस्पताल भेजा।
जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर उसके परिवार वाले भी पहुंच गए। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। एसएचओ मीरगंज संजय सिंह तोमर ने बताया कि टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश के लिए घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
एनएच-24 पर लगातार हो रहे हादसों को लेकर स्थानीय लोगों ने नाराजगी जताई। उनका कहना है कि हाईवे पर वाहनों की तेज रफ्तार दुर्घटनाओं का कारण बन रही है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से हाईवे पर स्पीड कंट्रोल के पुख्ता इंतजाम करने और संवेदनशील चौराहों व तिराहों पर प्रकाश तथा सुरक्षा संकेतों की व्यवस्था करने की मांग की है।
बाइक की टक्कर से चार लोग घायल, दो गंभीर
संस, जागरण, आंवला: रामनगर मार्ग पर बाइक अतियंत्रित होकर एक राहगीर से टकरा गई। हादसे में राहगीर और बाइक सवार तीन लोग घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर होने पर उन्हें बरेली भेजा गया है।
गांव गौटिया किशनपुर निवासी जगतपाल, बदन सिंह व नरेंद्र एक ही बाइक से अपने घर जा रहे थे। रास्ते में रामनगर मार्ग पर उनकी बाइक अनियंत्रित होकर पैदल जा रहे गांव फुंदननगर निवासी श्याम सिंह से टकरा गई। हादसे में चारों लोग घायल हो गए। राहगीरों की मदद से उन्हें सीएचसी भेजा गया, जहां से जगतपाल व श्याम सिंह की हालत गंभीर होने पर बरेली रेफर किया गया है।
खबरें और भी
सड़क दुर्घटना में घायल युवक की मौत
संस, जागरण नवाबगंज: थाना क्षेत्र के मिलक पिछौडा गांव निवासी सोहन लाल ट्रक चालक थे। होली का त्योहार मनाने के लिए वह अपने घर आये थे।
दो दिन पहले वह बाइक से नवाबगंज कपडे खरीदने आ रहे थे। गांव के बाहर नहर पर शराब भट्ठी के पास किसी वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वह वह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्वजन ने उन्हें कस्बे के निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां सोमवार की देर रात उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
सूचना पर पहुंची पलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उनकी मौत के बाद उनके बडे भाई ओमप्रकाश, गौरी शंकर, मां कांती देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।
डिवाइडर से टकराकर पलटी पिकअप, चालक घायल
संस, जागरण मीरगंज: नेशनल हाईवे-24 के मीरगंज फ्लाईओवर पर एक तेज रफतार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में चालक घायल हो गया। पुलिस ने पिकअप को हाईवे से हटवाकर यातायात सुचारू कराया।
अयोध्या निवासी कृपाशंकर पुत्र राजनरायन पांडेय मंगलवार दोपहर पिकअप लेकर दिल्ली से अयोध्या जा रहा था। मीरगंज में हाईवे पर फलाईओवर पर तेज रफतार पिकअप अनियंत्रित होकर पहले डिवाइडर से टकराई और उसके उपरांत पलट गई, जिससे पिकअप वाहन बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया।
वहीं चालक घायल हो गया। सूचना पर मीरगंज पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल को अस्पताल भेजने के बाद हाइड्रा मंगाकर क्षतिग्रस्त वाहन को हाईवे से हटवाकर रास्ता सुचारू कराया।