आंधी में टीनशेड पकड़ना पड़ा भारी, हवा में 50 फीट ऊपर उछल गए नन्हे मियां, इत्तेफाक से कैमरे में हुए कैद, तीन अन्य बचे
बरेली (बमियाना गांव) में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां 70 किमी/घंटे की रफ्तार से आई आंधी में नन्हे मियां नाम के बुजुर्ग टीनशेड के साथ हव ...और पढ़ें

टीनशेड के साथ हवा में उड़ते नन्हे मियां। वीडियो ग्रैब
HighLights
बरेली में टीनशेड में बंधी रस्सी पकड़े थे, साथ में उड़ गए
जागरण संवाददाता, बरेली। तेज आंधी से बचने के लिए आड़ में खड़े बुजुर्ग नन्हे मियां टीनशेड समेत उड़ गए। हवा के वेग ने उन्हें 150 मीटर दूर खेत में जा फेंका। गनीमत रही कि वह जिस खेत में गिरे, वह हरा-भरा व गीला था। 50 फीट ऊंचाई से गिरने के कारण उनका एक हाथ टूट गया व कुछ अन्य चोटें भी आईं मगर, जान बच गई। उनके उड़ने व गिरने का घटनाक्रम पड़ोसी के मोबाइल कैमरे में कैद हो गया, जोकि मौसम का वीडियो बना रहा था।
बमियाना गांव निवासी किसान नन्हे ई-रिक्शा भी चलाते हैं। बुधवार दोपहर को 70 किमी प्रतिघंटा की गति से आंधी आई तो बमियाना रेलवे स्टेशन से घर की ओर चल दिए। इस बीच वर्षा भी होने लगी। नन्हे ने बताया कि रास्ते में पूर्व प्रधान शकीर के बरातघर परिसर में टीनशेड के नीचे रुक गए। वहां तीन-चार लोग पहले से खड़े थे।
हवा में उड़ा बरेली का नन्हे pic.twitter.com/H0mIXnXNdB
— anshul saxena (@rudrasaxena)
पांच-आठ मिनट में आंधी और वर्षा बढ़ती गई, ऐसा लगा रहा था कि टीनशेड भी उखड़ जाएगा। पैर लड़खड़ाने लगे तो टीनशेड के एंगल में बंधी रस्सी को कसकर पकड़ लिया। इतने में टीनशेड उड़ा तो रस्सी पकड़े होने के कारण वह भी साथ उड़ गए।
प्राइवेट अस्पताल में उपचार करा रहे नन्हे बोले, मुझे हल्का-हल्का याद आ रहा कि हवा में 50 फीट ऊंचाई पर पहुंचने के बाद मेरे हाथ से टीनशेड में बंधी रस्सी छूटी। इसके बाद टीनशेड एक तरफ और मैं दूसरी तरफ खेत में जा गिरा।
खबरें और भी
टीनशेड में तीन अन्य लोग भी उड़ने से बचे
ग्रामीणों ने बताया कि टीनशेड में हवा का दबाव बढ़ता जा रहा था। वह हवा में उठने लगा तो नन्हे समेत चार ग्रामीणों ने उसे रोकने का प्रयास भी किया था। सभी चारों लोग उसमें लगी रस्सियां खींच रहे थे। वे तीनों लोग दो-तीन फीट तक हवा में पहुंचने लगे तो तुरंत रस्सी छोड़ दी। जबकि नन्हे साथ में उड़ गए।
नन्हे मियां इत्तेफाकन कैमरे में कैद हो गए
बरातघर से बराबर में रहने वाला एक युवक अपने मोबाइल फोन से आंधी का वीडियो बना रहे था। उन्होंने बताया कि छत पर खड़े होकर वीडियो बना रहे थे, ताकि इंटरनेट मीडिया पर साझा कर सकें। उसी दौरान कैमरे में उड़ता टीन शेड व नन्हे मियां आ गए। यह वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा।
गुरुवार दोपहर को प्राइवेट अस्पताल में भर्ती नन्हे मियां के हालचाल लेने के लिए पुलिस व प्रशासनिक अफसर भी पहुंचे। शाम को उन्हें अस्पताल से घर भेज दिया गया। आंवला के सीओ नितिन कुमार ने बताया कि इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित वीडियो बमियाना गांव के नन्हे का है। आंधी में सतर्क एवं सुरक्षित रहें। टीनशेड उड़ने पर नन्हे मियां उसे छोड़ नहीं पाए।