शीशगढ़ में नाबालिग से दुष्कर्म मामले में पिता-पुत्र पर FIR, पंचायत कराने वालों पर भी गिरेगी गाज
नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में शीशगढ़ पुलिस ने आरोपी युवक नरेंद्र और उसके पिता गोकरन लाल के खिलाफ प्राथमिकी ...और पढ़ें

एआई इमेज
HighLights
शीशगढ़ थाना क्षेत्र का मामला, किशोरी का आरोप गांव का युवक एक वर्ष से कर रहा था दरिंदगी
पुलिस के संज्ञान में आते ही सोमवार देर रात लिखी गई प्राथमिकी, आरोपित हुआ गिरफ्तार
संवाद सूत्र, शीशगढ़ (बरेली)। नाबालिग से दुष्कर्म के जिस मामले में पंचायत ने फैसला कराया था, उस मामले में आरोपित युवक और उसके पिता के विरुद्ध प्राथमिकी पंजीकृत कर ली गई है। पुलिस ने देर रात आरोपित युवक को हिरासत में भी ले लिया। उससे पूछताछ के बाद उसे जेल भेजा जाएगा।
अब पुलिस उन लोगों की तलाश कर रही है जिन्होंने पंचायत कराई और उस समझौते पर अपने हस्ताक्षर किए थे। पुलिस का कहना है कि पंचायत कराने और उसमें शामिल होने वालों पर भी प्राथमिकी लिखी जाएगी।
थाना शीशगढ़ के गांव निवासी किशोरी से गांव का नरेंद्र उर्फ छोटू पिछले एक साल से दुष्कर्म कर रहा था। उसने किशोरी के वीडियो और फोटो भी अपने फोन में कैद कर लिए थे, जिससे वह उसे ब्लैकमेल करता था।
किशोरी शारीरिक संबंध बनाने को मना करती तो आरोपित नरेंद्र उसके फोटो व वीडियो प्रसारित करने की धमकी देता था। किशोरी जब उसकी हरकतों से तंग आई तो उसने पूरी बात अपनी मां को बता दी।
मां ने नरेंद्र के पिता गोकरन लाल से शिकायत की तो उन्होंने भी धमकी दी। कहा कि अगर किसी से इस बारे में कहा तो पीड़ित किशोरी के इकलौते भाई की हत्या कर देंगे। इसके बाद घबराई मां 16 सितंबर को थाने पहुंची और शिकायती पत्र दिया।
गांव में जब यह पता चला कि किशोरी की मां ने शिकायती पत्र दिया है तो पंचायत बैठाई गई। पंचायत ने फैसला किया कि दुष्कर्म का आरोपित नरेंद्र पीड़ित किशोरी से उसके बालिग होने पर विवाह करेगा।
पंचायत के फैसले के तहत सोमवार को आरोपित युवक नरेंद्र के स्वजन ने किशोरी की गोद भराई की और किशोरी के स्वजन ने आरोपित का टीका किया। पंचायत का फैसला और मां का शिकायती पत्र पर इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुआ तो पुलिस जागी।
इसके बाद दुष्कर्म के आरोपित नरेंद्र और उसके पिता के विरुद्ध प्राथमिकी लिखी गई। पुलिस ने आरोपित नरेंद्र को देर रात हिरासत में भी लिया। उससे पूछताछ हो रही है। इसके बाद उसे जेल भेजा जाएगा।
पंचायत कराने वालों को भी नहीं छोड़ा जाएगा
मामले में सीओ बहेड़ी अरुण कुमार ने बताया कि पंचायत में जो भी लोग शामिल हुए थे, उन सभी को चिह्नित किया जा रहा है। उन्हें भी नहीं छोड़ा जाएगा। उनके विरुद्ध भी कठोर कार्रवाई की जाएगी। मामले में कुछ लोगों के नाम प्रकाश में आए हैं।
