विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बरेली में पीलीभीत बाइपास बनेगा 6-लेन: शहर के 3 बड़े चौराहों का बदलेगा नक्शा, देखें BDA का प्लान

Published: Tue, 25 Aug 2026 08:04 PM (IST)

बरेली में पीलीभीत बाइपास रोड को छह लेन का बनाया जाएगा, साथ ही विश्वविद्यालय-डोहरा रोड, वनखंडी नाथ और 100 फुटा ...और पढ़ें

पीलीभीत बाइपास पर अभियंताओं संग निरीक्षण करतीं बीडीए उपाध्यक्ष सौम्या पांडेय। जागरण

पीलीभीत बाइपास पर अभियंताओं संग निरीक्षण करतीं बीडीए उपाध्यक्ष सौम्या पांडेय। जागरण

HighLights

  1. नाथ थीम पर विकसित होगा मार्ग, वर्तमान ट्रैफिक लोड, सड़क की उपलब्ध चौड़ाई का किया अध्ययन

  2. बीडीए उपाध्यक्ष ने अभियंताओं संग मार्ग का किया निरीक्षण, नए सिरे से कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश

जागरण संवाददाता, बरेली। शहर के प्रमुख मार्गों में शामिल पीलीभीत बाइपास रोड के चौड़ीकरण को लेकर लंबे समय से चल रही ऊहापोह की स्थिति पर मंगलवार को विराम लग गया। बीडीए उपाध्यक्ष सौम्या पांडेय ने अभियंताओं के साथ मार्ग का निरीक्षण कर छह लेन में बनाने में का निर्णय लिया है। साथ ही मार्ग को नाथ थीम पर संवारा जाएगा। मार्ग के चौड़ीकरण के साथ विश्वविद्यालय-डोहरा रोड चौराहा, वनखंडी नाथ चौराहा और 100 फुटा तिराहे के चौड़ीकरण का भी निर्णय लिया है।

बदायूं रोड, रामपुर रोड, शाहजहांपुर रोड, बीसलपुर रोड समेत अन्य मार्गों को फोर व सिक्स लेन में बदलने के बाद अब विकास प्राधिकरण (बीडीए) ने पीलीभीत बाइपास रोड के चौड़ीकरण का निर्णय लिया है।

इसके लिए मंगलवार को बीडीए उपाध्यक्ष ने मुख्य अभियंता, अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता समेत प्राधिकरण की पूरी तकनीकी टीम के साथ रोड का निरीक्षण किया। टीम ने विश्वविद्यालय-डोहरा रोड चौराहा, वनखंडी नाथ चौराहा और 100 फुटा तिराहे को भी देखा।

मंथन किया कि प्रस्तावित छह लेन चौड़ीकरण के बाद यातायात को किस प्रकार व्यवस्थित किया जाए, जाम के प्रमुख बिंदुओं को कैसे कम किया जाए और आम नागरिकों को सुरक्षित और सुगम आवागमन कैसे उपलब्ध कराया जाए।

बीडीए उपाध्यक्ष सौम्या पांडेय ने कहा कि, बीडीए की प्राथमिकता चौराहों के केवल सुंदरीकरण तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि यातायात प्रबंधन, सड़क सुरक्षा और जनसुविधा को केंद्र में रखते हुए इनका सुंदरीकरण किया जाएगा।

इसके लिए पीलीभीत बाइपास रोड को नाथ कारिडोर और बरेली की नाथ नगरी की पहचान से जोड़ते हुए पूरी सड़क का स्वरूप एक समान थीम रखा जाएगा।

नाथ कारिडोर के विकास में अपनाई जा रही थीम से सामंजस्य रखते हुए मार्ग पर नाथ थीम आधारित प्रकाश व्यवस्था, जगह-जगह आकर्षक फोकस दीवारें, प्रतीकात्मक स्थापत्य और विशिष्ट आइकानिक एलिमेंट्स लगाए जाएंगे। प्रमुख चौराहों को भी उनकी स्थिति और यातायात आवश्यकता के अनुरूप विशिष्ट पहचान दी जाएगी।

100 फुटा तिराहे पर प्रस्तावित फोकस दीवार के माध्यम से नाथ कारिडोर के साथ बरेली विकास प्राधिकरण की प्रमुख विकास योजनाओं को भी प्रदर्शित किया जाएगा।

साथ ही इस मार्ग को आधुनिक, आकर्षक और आदर्श सड़क के रूप में विकसित किया जाएगा, जिससे शहर के विकास को नई गति मिलने के साथ बरेली के धार्मिक एवं पर्यटन क्षेत्र को भी बढ़ावा मिल सके।

 

पीलीभीत बाइपास रोड के चौड़ीकरण को शहर के समग्र विकास से जोड़ा जा रहा है। मार्ग के छह लेन चौड़ीकरण के साथ तीनों प्रमुख चौराहों पर यातायात व्यवस्था को बेहतर कर जाम से राहत देने और आवागमन को सुरक्षित एवं सुगम बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इस मार्ग को आधुनिक और आदर्श सड़क के रूप में विकसित किया जाएगा।

- सौम्या पांडेय, उपाध्यक्ष, बीडीए


यह भी पढ़ें- बरेली: फर्जी IAS विप्रा शर्मा और उसके गिरोह पर लगेगा गैंगस्टर एक्ट, 44 मुकदमों के बाद बड़ी कार्रवाई

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।