'आंधी-पानी का बहाना नहीं चलेगा...' बरेली में बिजली संकट पर भड़के सीएम योगी, चीफ इंजीनियर को दी सीधी चेतावनी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बरेली में बिजली संकट पर मुख्य अभियंता को कड़ी चेतावनी दी, कहा 'आंधी-पानी का बहाना नहीं चलेगा'। शहर के कई इलाकों में घंटो ...और पढ़ें

बरेली के सर्किट हाउस में समीक्षा बैठक करते सीएम योगी
HighLights
मुख्यमंत्री करते रहे समीक्षा, बिजली संकट से जूझते रहे उपभोक्ता
कमियों को दुरुस्त कराकर उपभोक्ताओं को दिलाएं निर्बाध आपूर्ति
जागरण संवाददाता, बरेली। शहर में इन दिनों बिजली व्यवस्था पटरी से उतरी चल रही है। मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सर्किट हाउस में विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की समीक्षा करते रहे, जबकि उपभोक्ता बिजली संकट से जूझते रहे। कैंट क्षेत्र में केबल फाल्ट होने से छह घंटे बिजली गुल रही। राजेंद्र नगर, गांधी नगर और सुभाषनगर में भी बिजली की समस्या बनी रही।
बिजली का मुद्दा मुख्यमंत्री के सामने भी उठा तो उन्होंने मुख्य अभियंता को निशाने पर लिया। आंधी-पानी की वजह से बिजली बाधित होने की सफाई देने पर दो टूक कहा, आंधी-पानी का बहाना नहीं चलेगा, कमियों को दुरुस्त कराएं और उपभोक्ताओं को निर्बाध आपूर्ति मुहैया कराएं।
मुहर्रम के जुलूस के दिन कई उपकेंद्रों की 10 से 12 घंटे आपूर्ति ठप किए जाने के बाद जब आपूर्ति सुचारू कराई गई, उसके बाद शुरू हुआ लोकल फाल्ट का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। कैंट क्षेत्र में बरेली क्लब के निकट केबल में फाल्ट हो जाने से सुबह पांच बजे से 11 बजे तक आपूर्ति ठप रही।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार, सुबह बरसात के दौरान आपूर्ति बंद कराई गई थी, बरसात थमने के बाद मरम्मत कराकर आपूर्ति सामान्य कराई गई। सुभाषनगर क्षेत्र में प्रगति नगर, बीडीए कालोनी, विवेक विहार, मुख्य बाजार, जागृति नगर, पटेल विहार में भी उपभोक्ताओं को बिजली की समस्या से जूझना पड़ा।
खबरें और भी
33 केवी लाइन में फाल्ट से राजेंद्रनगर में ठप रही बिजली
सुबह वर्षा के दौरान 33 केवी लाइन में फाल्ट हो जाने से राजेंद्रनगर क्षेत्र की बिजली ठप रही। विभागीय अधिकारियों की ओर से अवगत कराया गया कि मरम्मत का कार्य चल रहा है, दो घंटे बाद आपूर्ति सामान्य हो सकेगी, लेकिन चार घंटे बाद बिजली आई।
राजेंद्रनगर ए ब्लाक में रतन स्वीट्स के पास सुबह पांच बजे से शाम छह बजे तक आपूर्ति ठप रही। उपभोक्ता विभागीय अधिकारियों से शिकायत करते रहे, लेकिन शाम सात बजे के बाद आपूर्ति सुचारू हो सकी।
सी ब्लाक में ट्रिपिंग की समस्या बनी रही। राजेंद्रनगर बी ब्लाक में केबल बाक्स डैमेज हो जाने से दो घंटे बिजली ठप रही। डीडीपुरम, एकता नगर, इंदिरा नगर, गंगाशील नगर में भी बिजली संकट बना रहा। शिवपुरी मुहल्ले में रातभर बिजली गुल रही।
प्रजापति नगर में झूलते तारों में लगी आग
महानगर क्षेत्र की प्रजापति कालोनी में रात आठ बजे बिजली के खंभे पर झूलते तारों में आग लग गई, जिससे मुहल्ले की आपूर्ति ठप हो गई। महानगर कालोनी की बेलपार्क क्षेत्र में अपराह्न तीन बजे से शाम सात बजे तक बिजली ठप रही।
दुर्गा नगर उपकेंद्र से जुड़ी मिथिलापुरी कालोनी, सौ फुटा रोड फीडर की लाइन सुबह से अपराह्न तीन बजे तक बाधित रही। परवाना नगर में एक फेस न आने से उपभोक्ता परेशान रहे।
यह भी पढ़ें- 'विरासत का अपमान करने वालों का मिट जाता है नामोनिशान', बरेली में सीएम योगी ने विरोधियों को दिया कड़ा संदेश