विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Bareilly-Sitarganj Highway: तेजी से बढ़ रही रफ्तार, लेकिन इस एक गांव की जमीन बनी सबसे बड़ा रोड़ा

Published: Wed, 28 Oct 2026 05:32 PM (IST)

बरेली-सितारगंज हाईवे के चौड़ीकरण का काम तेजी से चल रहा है, जिसमें पैकेज-वन का 75% कार्य पूरा हो चुका है। ...और पढ़ें

बरेली-सितारगंज हाईवे

बरेली-सितारगंज हाईवे

HighLights

  1. मार्च तक बरेली से पीलीभीत तक कार्य पूर्ण कराने का किया जा रहा दावा

जागरण संवाददाता, बरेली। बरेली-सितारगंज हाईवे के पैकेज-वन में पीलीभीत तक 75 प्रतिशत कार्य पूर्ण कराया जा चुका है। बरसात के बाद कार्यों में तेजी आई है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) के अधिकारी आगामी मार्च तक इसे चालू कराने का दावा करते आ रहे हैं, लेकिन फरीदपुर गंगा गांव की चयनित जमीन रोड़ा बनी हुई है।

इस प्रकरण का जल्द निस्तारण नहीं कराया गया तो समय पर हाईवे पर यातायात शुरू करना मुश्किल होगा। एनएचएआइ 450 करोड़ रुपये की लागत से बरेली से सीतापुर तक दो पैकेज में चौड़ीकरण करा रहा है।

पहले पैकेज में बरेली से पीलीभीत तक 32.50 किमी का कार्य दो साल पहले शुरू हो चुका है। शुरूआती अवरोध खत्म होने के बाद कार्य तेजी से हुआ, पिछले दिनों लगातार बरसात के चलते काम बाधित हुआ था।

अब कार्य में फिर तेजी आई है और तीन चौथाई कार्य पूर्ण कराया जा चुका है। फरीदपुर गंगा, खाई खेड़ा, बरखेड़ा, गरमई में जमीन के छोटे-छोटे टुकड़ों पर विवाद था। वर्तमान में फरीदपुर गंगा का विवाद नहीं निपट सका है।

यहां कई ग्रामीणों के मकान मार्ग में आ चुके हैं। कुछ लोगों को मुआवजा देकर वहां से हटाया जा चुका है, जबकि कई लोग अभी वहीं पर जमे हुए हैं।

एनएचएआइ के अधिकारी राजस्व विभाग के अधिकारियों से संपर्क साधकर इस प्रकरण का निराकरण कराने का आग्रह कर रहे हैं, लेकिन अभी तक निस्तारण नहीं हो सका था।

इस मुद्दे को लेकर मंगलवार को जिलाधिकारी अविनाश सिंह के साथ अधिकारियों की बैठक होनी थी, लेकिन शिक्षक एमएलसी चुनाव की मतगणना के कारण टल गई। दूसरे पैकेज में पीलीभीत से सितारगंज के बीच 38 किमी में हाईवे का निर्माण इसी साल शुरू हुआ है, जिसे अगले साल अंत तक पूरा कराने का लक्ष्य है।

चौड़ीकरण पूर्ण होने पर हटेगा टोल प्लाजा

बरेली और पीलीभीत के बीच लभेड़ा में टोल प्लाजा है। चौड़ीकरण का काम शुरू होने के साथ ही टोल प्लाजा हटाने की मांग चल रही थी। टोल प्लाजा को पीलीभीत से आगे सितारगंज रोड पर स्थानांतरित किए जाने की शासन से मंजूरी मिल चुकी है। पहले पैकेज का कार्य पूर्ण हो जाने के बाद टोल प्लाजा शिफ्ट किया जाएगा।

 

बरेली-सितारगंज हाईवे चौड़ीकरण में पहले पैकेज में काम तेजी से चल रहा है। फरीदपुर गंगा गांव के कुछ मकान हटाए जाने हैं, जिसके लिए राजस्व विभाग के अधिकारियों से समन्वय बनाकर प्रकरण का निस्तारण कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। चौड़ीकरण का कार्य पूर्ण होने पर टोल प्लाजा लभेड़ा को भी पीलीभीत के आगे शिफ्ट कराया जाएगा।

- अभय भूषण, परियोजना निदेशक एनएचएआइ


यह भी पढ़ें- बरेली के 300 बेड अस्पताल के बदले दिन: अब PPP मोड पर मिलेगा हाईटेक इलाज; वेंटिलेटर से लेकर ट्रॉमा सेंटर तक की सुविधा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।