'मंदिर का निर्माण नहीं होने देंगे...' बरेली में गणेश पूजा के दौरान लाठी-सरिया लेकर पहुंचे दबंग, जमकर चला पत्थर
बरेली के रेती मुहल्ला में गणेश चतुर्थी के दिन मंदिर में तोड़फोड़ का विरोध करने पर मारपीट और पथराव हुआ। ...और पढ़ें

एआई इमेज है।
HighLights
किला थाना क्षेत्र का मामला, पांच लोगों के विरुद्ध पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी
जागरण संवाददाता, बरेली। किला के रेती मुहल्ला में गणेश चतुर्थी के दिन मंदिर में तोड़फोड़ करने के विरोध में हंगामा हो गया। दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई और पथराव किया गया। जिसकी वजह से कुछ लोगों को चोट लगी है। मामले में मुहल्ले वालों के शिकायती पत्र पर किला थाने में पांच लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी पंजीकृत की गई है।
रेती मुहल्ला निवासी प्रदीप गुप्ता उर्फ रिंकू ने पुलिस को बताया कि, वह मुहल्ले के ही मंदिर में साफ सफाई करते हैं। सोमवार को वह मंदिर में मौजूद थे और लोग पूजा-पाठ कर रहे थे।
आरोप है कि तभी मुहल्ले के ही अशोक कुमारी, उनका बेटा दीपू कश्यप, कुशल कश्यप उर्फ जीतू, धनेश्वर कश्यप उर्फ धीरज और उनकी बहू रेशम लोहे की सरिया और लाठी-डंडे लेकर मंदिर पहुंच गए और तोड़फोड़ करने लगे।
विरोध करने पर आरोपितों ने मारपीट शुरू कर दी। मारपीट में मंदिर में पूजा कर रहीं राममूर्ति और प्रदीप गुप्ता को चोट आई। प्रदीप का कहना है कि मंदिर परिसर में कुछ निर्माण कार्य कराया जा रहा है।
आरोपित पिछले कई दिनों से मंदिर के काम का विरोध कर रहे थे और धमकी देते थे कि मंदिर का कोई काम नहीं होने देंगे। आरोपितों ने यह भी कहा कि उनकी मर्जी के बिना काम कराने पर यही हाल होगा।
आरोप है कि घटना के बाद आरोपित अपने घर में घुस गए और मुख्य गेट पर खड़े होकर फोन के जरिए कुछ अज्ञात लोगों को बुलाने लगे। प्रदीप गुप्ता का आरोप है कि आरोपितों ने मारपीट के दौरान पथराव भी किया। मामले में किला पुलिस ने प्राथमिकी लिख ली है।
