मूंछें हों तो नत्थूलाल नहीं, बरेली के राम सिंह जैसी! 14 साल पुराना गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड खतरे में
बरेली के राम सिंह की 30 फीट लंबी मूंछें गिनीज बुक में दर्ज हो सकती हैं। राम सिंह चौहान के नाम दुनिया में सबसे लंबी मूछों का रिकार्ड है, जिसे राम सिंह ...और पढ़ें

अपनी मूंछें दिखाते राम सिंंह
HighLights
राजस्थान के जयपुर निवासी राम सिंह चौहान के नाम दर्ज दुनिया में सबसे लंबी मूछों का रिकार्ड, आधिकारिक प्रक्रिया के लिए तैयारी
गौरव गंगवार, बरेली। जिले के ठाकुर राम सिंह अपनी करीब 30 फीट लंबी मूंछों के साथ अब विश्व रिकार्ड की दहलीज पर खड़े नजर आ रहे हैं। उनकी मूंछों की लंबाई लगातार बढ़ रही है, जिसे देखते हुए यह संभावना जताई जा रही है कि उनका नाम गिनीज बुक आफ वर्ल्ड रिकार्ड में दर्ज हो सकता है। अमिताभ बच्चन की फिल्म का मशहूर संवाद “मूंछें हों तो नत्थूलाल जैसी…” अब यहां हकीकत का रूप लेता दिख रहा है।
गिनीज वर्ल्ड रिकार्ड्स के अनुसार दुनिया में सबसे लंबी मूंछें राजस्थान के जयपुर निवासी राम सिंह चौहान के नाम दर्ज है। यह रिकार्ड 2010 में रोम में मापा गया था, इनकी मूछों की लंबाई 14 फीट थी, जो अब 22 फीट से ज्यादा बताई जा रही है।
ऐसे में बरेली के राम सिंह का करीब 30 फीट लंबाई का दावा उन्हें इस रिकार्ड के लिए मजबूत दावेदार बनाता है। हालांकि अंतिम पुष्टि आधिकारिक माप और प्रक्रिया के बाद ही होगी। नवाबगंज तहसील के गांव मटकापुर में जन्मे ठाकुर राम सिंह ने 18 साल की उम्र में मूंछें बढ़ानी शुरू की थीं। धीरे-धीरे यह शौक उनकी पहचान बन गया। उन्होंने कभी मूंछें कटवाई नहीं और लगातार उन्हें सहेजते रहे।
आज स्थिति यह है कि जहां भी वह जाते हैं, लोग उन्हें उनकी मूंछों से पहचानते हैं। पिछले कुछ वर्षों में उनकी मूंछों की लंबाई में तेजी से बढ़ोतरी हुई है। वर्ष 2021 में जहां यह करीब 25 फीट थीं, वहीं राम सिंह दावा कर रहे हैं कि अब उनकी मूछें लगभग 30 फीट तक पहुंच चुकी हैं।
खबरें और भी
यही बढ़त उन्हें दुनिया के रिकार्ड के बेहद करीब ले आई है। उनका कहना है कि वह जल्द ही गिनीज बुक आफ विश्व रिकार्ड में नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन करेंगे। मूंछों की देखभाल को लेकर वह बताते हैं कि उनके लिए यह रोज की साधना है। वह किसी भी तरह के रासायनिक पदार्थों का उपयोग नहीं करते।
मुल्तानी मिट्टी से सफाई और जैतून के तेल से मालिश उनकी दिनचर्या का हिस्सा है। इसके साथ ही हर बाल को सहेजकर रखना उनकी आदत है, ताकि मूंछें उलझें नहीं और सुरक्षित रहें। उन्होंने बताया कि जन्म से वह नवाबगंज क्षेत्र के मटकापुर गांव में अपने ननिहाल में रहे, लेकिन अब आंवला तहसील के देवचरा में रहे हैं।
यहां वह समाज सेवा में भी सक्रिय हैं और गोशाला में सेवा करते हैं। इस समय वह पूरी तरह से सन्यासी जीवन व्यतीत कर रहे हैं। उनको रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई राजनेता सम्मानित कर चुके हैं।
22 फीट का रिकार्ड, 30 फीट की चुनौती
राजस्थान के जयपुर निवासी राम सिंह चौहान के नाम दुनिया की सबसे लंबी मूंछों का रिकार्ड दर्ज है, जिसकी लंबाई 22 फीट से अधिक है। मटकापुर निवासी राम सिंह अब इस आंकड़े को पीछे छोड़ने की स्थिति में हैं।
कहा कि करीब चार साल बाद पिछले दिनों मूंछों की लंबाई मापी गई थी, जो विश्व रिकार्ड वाली मूछों की लंबाई से काफी आगे पहुंच चुकी है और वह जल्द ही इसे आधिकारिक रूप से दर्ज कराने की तैयारी में हैं।
रोज की साधना, तभी बनी पहचान
राम सिंह के अनुसार लंबी मूंछें रखना सिर्फ शौक नहीं, बल्कि अनुशासन और धैर्य का काम है। हर दिन वह तय समय निकालकर मूंछों की देखभाल करते हैं। बालों को उलझने से बचाने के लिए उन्हें धीरे-धीरे सुलझाया जाता है और जरूरत पड़ने पर एक-दूसरे में लपेटकर सुरक्षित रखा जाता है। लापरवाही से बाल टूट सकते हैं, इसलिए नियमित देखभाल ही उनकी लंबी मूंछों की असली ताकत है।
मूंछों के साथ राजसी अंदाज
मूंछों के साथ-साथ राम सिंह का घुड़सवारी का शौक भी लोगों को आकर्षित करता है। गांव में जब वह घोड़े पर सवार होकर निकलते हैं, तो उनका अंदाज किसी राजसी व्यक्तित्व जैसा नजर आता है। लंबी मूंछें हवा में लहराती हैं और यह दृश्य लोगों का ध्यान खींच लेता है।