Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बरेली में बड़ा एक्शन: ड्यूटी पर जाम छलकाने वाले और गायब रहने वाले 7 सिपाहियों पर गिरा SSP का 'हंटर'!

    Updated: Wed, 25 Feb 2026 11:51 PM (IST)

    बरेली में ड्यूटी के दौरान शराब पीने और बिना बताए महीनों तक गायब रहने वाले 7 सिपाहियों को SSP ने निलंबित कर दिया है। एक रिक्रूट सिपाही तो पुलिस की नौकर ...और पढ़ें

    प्रतीकात्‍मक च‍ित्र

    प्रतीकात्‍मक च‍ित्र

    जागरण संवाददाता, बरेली। : ड्यूटी पर शराब पीने और लगातार बिना बताए अनुपस्थित रहने वाले सात सिपाहियों को एसएसपी अनुराग आर्य ने निलंबित कर दिया। इसमें एक रिक्रूट को अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते पाने और लगातार अनुपस्थित रहने पर चयन निरस्त नोटिस जारी किया गया है। सभी सिपाहियों के विरुद्ध विभागीय जांच भी बैठाई गई है।

    पुलिस की तरफ से जारी डाटा के अनुसार, फतेहगंज पूर्वी थाने पर तैनात मुख्य आरक्षी रविंद्र सिंह शराब पीने का आदी है। आरोप है कि वह थाने के अन्य पुलिसकर्मियों के साथ भी अभद्रता करता था। हाल ही में रविंद्र सिंह की ड्यूटी परीक्षा स्ट्रांग रूम में लगाई गई थी। ड्यूटी के दौरान रविंद्र ने शराब का सेवन किया और चौकीदार के साथ दुर्व्यवहार किया। इसकी वजह से एसएसपी ने उसे निलंबित कर दिया है।

    इसके अलावा कोतवाली में तैनात सिपाही कृष्ण गोपाल 25 नवंबर, 2025 को छुट्टी लेकर गए थे। नौ दिसंबर को उन्हें वापस आना था मगर वह वापस नहीं आए, जिसकी वजह से उन्हें निलंबित कर दिया गया। इसी तरह से एसएसपी कार्यालय की सिंगल विंडो पर तैनात सिपाही केशव कुमार भी एक माह की छुट्टी पर थे, छुट्टी पूरी होने के बाद अभी तक उन्होंने वापसी नहीं की।

    इसी विंडो पर तैनात सिपाही प्रशांत कुमार भी छह दिन की छुट्टी के बाद नहीं लौटे, इसलिए दोनों को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। 22 नंवबर, 2025 को हेड कांस्टेबल सुरजीत की ड्यूटी झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार की फ्लीट में लगाई गई थी। महत्वपूर्ण ड्यूटी होने के बाद भी वह ड्यूटी पर नहीं पहुंचे और न ही कोई कारण बताया।

    खबरें और भी

    तब से वह लगातार अनुपस्थित भी चल रहे हैं। इसी कारण से उन्हें भी एसएसपी ने निलंबित कर दिया है। हेड कांस्टेबल संजीव कुमार की भी ड्यूटी नौ दिसंबर, 2025 को बंदी पेशी सेशन हवाला पर ड्यूटी लगाई गई थी मगर वह उपस्थित नहीं हुए। साथ ही तभी से गैरहाजिर भी चल रहे है। इसलिए उन्हें भी निलंबित कर दिया गया है।

    दो दिन छुट्टी लेकर गया और तैयारी करने लगा रिक्रूट

    रिक्रूट आरक्षी अभिषेक सिंह पुलिस लाइंस में जेटीसी ट्रेनिंग के दौरान 24 अगस्त को दो दिन की छुट्टी लेकर गया था। मगर छुट्टी का समय पूरा होने के बाद भी वह लौटकर नहीं आया। मामले में अभिषेक की एलआइयू से गोपनीय जांच कराई गई तो पता चला कि वह अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा है। इसके बाद एसएसपी ने अभिषेक के लिए चयन निरस्त के लिए नोटिस जारी किया है।


    यह भी पढ़ें- हवाई सफर का नया हब: भूल जाइए लंबा रास्ता! बरेली में यहाँ बनेगा नया हेलीपैड, चार धाम यात्रा होगी आसान