विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यूपी ट्रेड शो में रुहेलखंड का जलवा: जरी-जरदोजी, मेंथा और फार्मा को मिलेगा अंतरराष्ट्रीय मंच

Published: Wed, 23 Sep 2026 05:31 PM (IST)

रुहेलखंड मंडल ग्रेटर नोएडा में आयोजित होने वाले यूपी अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला-2026 में अपनी मजबूत भागीदारी दर्ज कराएगा। इस मेले ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. यूपी ट्रेड शो में रुहेलखंड मंडल की मजबूत भागीदारी।

  2. बरेली की जरी-जरदोजी, मेंथा, फार्मा को वैश्विक पहचान।

  3. स्थानीय कारीगरों, उद्यमियों को मिलेगा नया बाजार।

डिजिटल टीम, बरेली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 'लोकल फॉर ग्लोबल' और स्थानीय हुनर को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने के विजन को साकार करने में रुहेलखंड मंडल एक बड़ी छलांग लगाने जा रहा है। ग्रेटर नोएडा में आयोजित होने जा रहे यूपी अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला-2026 (UPITS) में बरेली मंडल की सबसे मजबूत भागीदारी देखने को मिलेगी। इस महाकुंभ में जहां एक तरफ बरेली की विश्व प्रसिद्ध जरी-जरदोजी, पीलीभीत की लकड़ी की नक्काशी और शाहजहांपुर की कारीगरी का जलवा रहेगा, वहीं दूसरी तरफ मेंथा, फार्मा (दवा), बांस-बेंत और खाद्य प्रसंस्करण उद्योगों को नया वैश्विक बाजार मिलेगा।
 
मंडलायुक्त बरेली शंभू कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री की मंशा छोटे उद्यमियों और स्थानीय कारीगरों को सीधे राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खरीदारों से जोड़ने की है। इसी क्रम में नए निर्यातकों से लेकर established एक्सपोर्टर्स तक को मेले में अलग-अलग मंडपों में स्टॉल आवंटित किए गए हैं। 

जरी-जरदोजी और ODOP उत्पादों की मजबूत मौजूदगी

‘एक जिला-एक उत्पाद’ (ODOP) योजना के तहत बरेली की छह प्रमुख इकाइयां - मनीषा ज्वेलरी, कमल ट्रेडर्स, पिंकी जरी आर्ट्स, शिखा जरी आर्ट, ज्योत्सना जरी वर्क और कृष्णा गारमेंट्स - अपनी सूक्ष्म और उत्कृष्ट जरी-जरदोजी की कला को प्रदर्शित करेंगी। वहीं, पीलीभीत से राशिद हैंडीक्राफ्ट और फाइजाह मलिक लकड़ी की नक्काशीदार वस्तुओं के साथ मेले में अपनी चमक बिखेरेंगे। 

मसालों, रेजिन कला और फार्मा का दिखेगा दम

बरेली के एमएसएमई (MSME) और छोटे उद्योगों की विविधता भी ट्रेड शो का मुख्य आकर्षण होगी। 

खाद्य एवं मसाले: सृष्टिपूर्ति मसाले और नंदू शेफ खाद्य प्रसंस्करण उत्पाद लेकर पहुंचेंगे।
हैंडीक्राफ्ट व ज्वेलरी: शील कलाकृति (हस्तनिर्मित रेजिन कला), ग्लिट्ज एंड थ्रेड्स (आभूषण), हंकरी आर्ट (सुगंधित मोमबत्तियां व चूड़ियां) तथा रूबी जरी फैशन।
हेल्थकेयर व फार्मा: फार्म टैब हेल्थ केयर और एचएनवी फार्मा लिमिटेड (हम्बल हेल्थकेयर) अपनी दवा श्रृंखला पेश करेंगे।

नए और नियमित निर्यातकों को मिला बड़ा मंच

नवागत निर्यातक (मंडप 14): बरेली की दस्तकार बैम्बू केन डेवलपमेंट प्रोड्यूसर कंपनी (बांस-बेंत उत्पाद), सिरमौर सोप्स (सफाई उत्पाद) और पीलीभीत की पीटीआर ग्लोबल एक्सपोर्ट (लकड़ी उत्पाद) अपने स्टॉलों के साथ अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के सामने होंगी।

स्थापित निर्यातक (मंडप 15): केल्विन नेचुरल मिंट प्राइवेट लिमिटेड (मेंथा, पुदीना तेल और मेंथॉल क्रिस्टल), एसए इंटरनेशनल (रेडीमेड परिधान) तथा अंजनिनंदन प्रीमियर पैकेजिंग (पीपी बैग्स) वैश्विक स्तर पर अपनी आपूर्ति क्षमताओं का प्रदर्शन करेंगे। शाहजहांपुर से कुमकुम जरी वर्क्स भी जिले की कारीगरी को आगे बढ़ाएगा।

कारोबार के साथ रुहेलखंड के व्यंजनों का भी रहेगा स्वाद

ट्रेड शो में आने वाले देश-विदेश के मेहमानों को रुहेलखंड के जायके का भी लुत्फ उठाने का मौका मिलेगा।

बरेली का स्वाद: अजंता स्वीट्स, रामपुर गार्डन और किप्स की प्रसिद्ध बर्फी पैकेज्ड फूड काउंटर पर उपलब्ध होगी, जबकि मोहित शर्मा नाश्ता कॉर्नर गरमा-गरम छोले-भटूरे परोसेगा।

बदायूं और पीलीभीत की मिठास: बदायूं का विश्वप्रसिद्ध 'हब्बू हलवाई का पेड़ा', सूरज मिष्ठान भंडार (ककराला) तथा पीलीभीत के पवन स्वीट हाउस का खोया आधारित व्यंजन व लौंज आगंतुकों को आकर्षित करेंगे।

जरी के धागे से औद्योगिक विकास तक की उड़ान

रुहेलखंड की पहचान अब सिर्फ पारंपरिक हस्तशिल्प तक सीमित नहीं है। जरी-जरदोजी के साथ-साथ फार्मा, केमिकल, मेंथा और पैकेजिंग जैसे आधुनिक उद्योगों का समावेश यह दर्शाता है कि मंडल औद्योगिक विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। यूपी ट्रेड शो का यह मंच न केवल स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती देगा, बल्कि हजारों कारीगरों और नए उद्यमियों के लिए विकास के नए द्वार खोलेगा।