'आत्मरक्षा के लिए एयर पिस्टल रखें युवतियां, बिहार की घटना के बाद बोलीं दिशा पाटनी की बहन खुशबू पाटनी
एक्ट्रेस दिशा पाटनी की बहन मेजर खुशबू पाटनी ने बिहार के जमुई में हुई छेड़छाड़ की घटना पर चिंता जताते ...और पढ़ें

तस्वीर क्रेडिट- एक्स।
जागरण संवाददाता, बरेली। युवतियों के साथ छेड़छाड़, दुष्कर्म की घटनाओं पर चिंता जताते हुए एक्ट्रेस दिशा पाटनी की बहन मेजर खुशबू पाटनी ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट किया है। इस पोस्ट में वह एक एयर पिस्टल (सीओ टू) के साथ दिखाई दे रही हैं। जिसमें वह युवतियों को संबोधित करते हुए कह रही हैं कि अपनी रक्षा स्वयं करें...।
ये जो भारत में हो रहा है वो बंद नहीं होगा। इसलिए सभी को पिस्टल चलाने का प्रशिक्षण लेकर एयर पिस्टल ले लेनी चाहिए। उसके लिए लाइसेंस की जरूरत भी नहीं होती है। खूशबू का यह वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है। मेजर खुशबू पाटनी किसी न किसी बात को लेकर आए दिन चर्चा में बनी रहती हैं।
देश के लगभग हर ज्वलंत मुद्दे पर वह वीडियो पोस्ट करती हैं। इस बार जब बिहार के जमुई में किशोरी के साथ छेड़खानी और मारपीट की घटना सामने आई तो खुशबू पाटनी का फिर से एक वीडियो सामने आया। वीडियो में वह एयर पिस्टल के साथ दिख रही हैं। उस पिस्टल के बारे में जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि लड़कियों को अपनी सुरक्षा के लिए पूरी तरह दूसरों पर निर्भर नहीं रहना चाहिए।
उन्हें आत्मरक्षा की तकनीक सीखने के साथ ऐसी परिस्थितियों से निपटने के लिए मानसिक रूप से भी तैयार रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी लड़कियों को अपने आस-पास शूटिंग रेंज में पिस्टल को चलाना सीखना चाहिए। बाद में उन्होंने बताया कि यह कोई असली पिस्टल नहीं हैं। इसकी मैग्जीन में गोलियां नहीं बल्कि छर्रे भरे जाते है। वीडियो में उन्होंने छर्रे भरकर भी दिखाए।
इसके बाद उससे शूट करके भी दिखाया। उन्होंने कहा कि इस पिस्टल के लिए किसी भी तरह के लाइसेंस की जरूरत नहीं होती है, मगर सुरक्षा की दृष्टि से काफी बेहतर है। वीडियो में उस पिस्टल की कीमत करीब 70 हजार रुपये तक बताई है। उनका यह वीडियो तेजी से इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।
