पत्नी की धमकियों से परेशान होकर युवक ने की थी खुदकुशी, अब कोर्ट के आदेश पर ससुराल वालों के खिलाफ FIR दर्ज
युवक अमन की आत्महत्या के मामले में कोर्ट के आदेश पर उसकी पत्नी कविता और ससुराल पक्ष के पांच लोगों के खिलाफ हाफिजगंज थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक चित्र
जागरण संवाददाता, रिठौरा (बरेली)। थाना हाफिजगंज पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर युवक की आत्महत्या के मामले में उसकी पत्नी समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।गांव आसपुर हसन अली निवासी मनोहर लाल ने एसीजेएम-तृतीय न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया था कि उनके पुत्र अमन का विवाह 12 अक्टूबर 2024 को इज्जतनगर क्षेत्र के तुलाशेरपुर निवासी कविता से हुआ था।
विवाह के कुछ समय बाद से ही पति-पत्नी के बीच विवाद रहने लगा। आरोप है कि पत्नी कविता अमन पर परिवार से अलग रहने का दबाव बनाती थी और विरोध करने पर दहेज के मुकदमे में फंसाने की धमकी देती थी।
तहरीर के अनुसार, 9 जुलाई 2025 को विवाद के बाद अमन अपनी पत्नी को मायके छोड़ आया। आरोप है कि कविता अपने साथ करीब पांच लाख रुपये के जेवर भी ले गई। जब अमन ने जेवर वापस मांगे तो कविता, उसके पिता हरद्वारी लाल और भाई नरेश, सुनील व गौरव ने कथित रूप से गाली-गलौज करते हुए जेवर लौटाने से इनकार कर दिया।
15 जुलाई को अमन ने पत्नी को वापस लाने का प्रयास किया, लेकिन उसने साथ रहने से मना कर दिया। प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया गया है कि पत्नी और उसके परिजनों द्वारा लगातार मानसिक प्रताड़ना और अपमानित किए जाने से परेशान होकर 16 जुलाई 2025 को अमन ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
खबरें और भी
घटना के बाद परिजनों ने थाना हाफिजगंज में शिकायत दी, लेकिन कार्रवाई न होने पर न्यायालय की शरण ली। न्यायालय के आदेश के बाद थाना हाफिजगंज पुलिस ने पत्नी कविता, उसके पिता हरद्वारी लाल तथा भाई नरेश, सुनील और गौरव के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और विवेचना में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- बरेली में शॉर्ट सर्किट से मिठाई की दुकान में लगी आग, फटे कई सिलेंडर; छह गाड़ियों ने पाया काबू