विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

UP कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने भाजपा सरकार को घेरा, फर्जी एनकाउंटर और ब्राह्मणों की हत्या का लगाया आरोप

Published: Wed, 12 Aug 2026 01:24 PM (IST)

उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने बस्ती दौरे पर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने प्रदेश की कानून-व्यवस्था ...और पढ़ें

HighLights

  1. कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना।

  2. ब्राह्मण समाज को निशाना बनाने और हत्याओं का आरोप लगाया।

  3. कानून-व्यवस्था ध्वस्त, दिल्ली लाठीचार्ज पर भी घेरा।

जागरण संवाददाता, बस्ती। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने बस्ती जिले के दौरे के दौरान भारतीय जनता पार्टी की डबल इंजन सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने प्रदेश की कानून-व्यवस्था को पूरी तरह ध्वस्त बताते हुए गंभीर आरोप लगाए कि राज्य सरकार के इशारे पर विशेष वर्ग (ब्राह्मण समाज) के लोगों को टारगेट कर उनकी हत्याएं कराई जा रही हैं।

पत्रकारों से बातचीत करते हुए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि प्रदेश में अपराधियों और अराजक तत्वों के हौसले बुलंद हैं। जीरो टालरेंस का दावा करने वाली सरकार में कानून का राज समाप्त हो चुका है। सीएम योगी के अपने जनपद में नर संहार व बालिका के साथ पुलिस कांस्टेबल दुष्कर्म कर हत्या कर देता है। सरकार का यह ज्वलंत उदाहरण सामने हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में ब्राह्मण समाज के लोगों को चुन-चुनकर निशाना बनाया जा रहा है और ऐसी घटनाओं पर सरकार पूरी तरह मूकदर्शक बनी हुई है।

दिल्ली में छात्रों पर लाठीचार्ज पर पीएम और गृह मंत्री को घेरा
राजधानी दिल्ली में छात्रों के प्रदर्शन पर हुए लाठीचार्ज को लेकर भी अजय राय ने केंद्र सरकार पर करारा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि देश की राजधानी में अपनी जायज़ मांगों को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस द्वारा बर्बरतापूर्वक लाठीचार्ज कराया गया, जो बेहद निंदनीय है। इस गंभीर घटना पर देश के प्रधानमंत्री और गृह मंत्री दोनों की खामोशी यह साबित करती है कि सरकार युवाओं और छात्रों की आवाज़ को दबाना चाहती है।

यह भी पढ़ें- बस्ती जिले में चिह्नित किए गए सात नए कुख्यात क्रिमिनल गैंग, 29 सक्रिय सदस्य रडार पर

नाकामियों की लंबी फेहरिस्त
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि डबल इंजन सरकार हर मोर्चे पर नाकाम साबित हो चुकी है। प्रदेश में लगातार बढ़ रहे फर्जी एनकाउंटर, भ्रष्टाचार, महिला उत्पीड़न और महंगाई ने आम जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार की जनविरोधी नीतियों और तानाशाही रवैये में सुधार नहीं हुआ, तो कांग्रेस पार्टी सड़क से लेकर सदन तक जोरदार आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। इस दौरान उनके साथ पार्टी के पूर्व ज़िलाध्यक्ष ज्ञानेंद्र पांडेय, पूर्व विधायक अंबिका सिंह व कई स्थानीय नेता और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।