बस्ती में रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार हुआ कानूनगो, पैमाइश के नाम पर पीड़ित से मांगे थे 10 हजार रुपये
बस्ती में एंटी करप्शन टीम ने भूमि पैमाइश के नाम पर 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए कानूनगो अशरफी लाल को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। ...और पढ़ें

HighLights
कानूनगो अशरफी लाल रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार।
भूमि पैमाइश के लिए 10 हजार रुपये की मांग।
लेखपालों पर सरकारी काम में बाधा डालने का केस।
जागरण संवाददाता, बस्ती। तहसीलों में रिश्वतखोरी थमने का नाम नहीं ले रहा है। भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन टीम ने एक कानूनगो को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के दौरान सरकारी काम में बाधा डालने और टीम का विरोध करने के आरोप में वहां मौजूद लेखपालों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है।
एंटी करप्शन टीम को तहसील के एक अधिकारी एवं कानूनगो से रिश्वत लेने मांगने की जानकारी हुई थी।अधिकारी वरासत के लिए एक व्यक्ति से पचास हजार की घूस मांग रहा था, वह तो टीम के हत्थे नहीं चढ़ा, लेकिन कानूनगो अशरफी लाल दबोच लिए गए।
शिकायतकर्ता आसमान सिंह निवासी सैफाबाद द्वारा दी गई जानकारी पर जाल बिछाते हुए टीम ने आरोपित को रंगे हाथों पकड़ने की योजना बनाई। जैसे ही कानूनगो ने रिश्वत की दस हजार धनराशि स्वीकार की, एंटी करप्शन के निरीक्षक उदयप्रताप सिंह व उनकी टीम ने उसे धर दबोचा। पीड़ित से धारा 24 के तहत भूमि की पैमाइश के लिए रिश्वत मांगा गया था।
कार्य में बाधा डालने पर सख्त रुख
गिरफ्तारी की खबर फैलते ही मौके पर मौजूद कुछ लेखपालों ने एंटी करप्शन टीम का विरोध करना शुरू कर दिया। आरोप है कि इन लेखपालों ने टीम के सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न की और आरोपी कानूनगो को छूड़ाने का प्रयास किया। टीम ने इस स्थिति को गंभीरता से लेते हुए तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचित किया।
इसके बाद, सरकारी कामकाज में हस्तक्षेप करने और बाधा डालने के आरोप में संलिप्त लेखपाल राजेश सिंह व उनके साथियों के खिलाफ भी सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। इस घटना के संबंध में सीओ सिटी सत्येन्द्र भूषण तिवारी ने बताया कि भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टालरेंस की नीति अपनाई जा रही है।
खबरें और भी
कानूनगो की गिरफ्तारी के बाद अब आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही, टीम के कार्य में बाधा डालने वालों के खिलाफ भी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और उनके विरुद्ध सख्त विभागीय व कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।