विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

औराई विधायक का रिपोर्ट कार्ड : सरकार का मिला साथ, निधि से ग्रामीण क्षेत्रों में हुआ विकास

By Jitendra Upadhyay Edited By: Abhishek sharma
Published: Sat, 05 Sep 2026 01:13 PM (IST)

औराई विधायक दीनानाथ भास्कर ने अपने कार्यकाल में हुए विकास कार्यों का ब्यौरा प्रस्तुत किया, जिसमें सरकारी योजनाओं और विधायक ...और पढ़ें

औराई विधानसभा में विकास की हकीकत विधायक के दावों और जनता की अपेक्षाओं के बीच।

औराई विधानसभा में विकास की हकीकत विधायक के दावों और जनता की अपेक्षाओं के बीच।

HighLights

  1. विधायक दीनानाथ भास्कर ने विकास कार्यों का ब्यौरा दिया।

  2. सरकारी योजनाओं व विधायक निधि से हुए कई कार्य।

  3. विपक्ष और जनता ने विकास पर उठाए सवाल।

जागरण संवाददाता, भदोही। बसपा और सपा की राजनीति कर भाजपा में शामिल हुए औराई विधानसभा (सु.) से दीनानाथ भास्कर 2022 में दूसरी बार भाजपा से विधायक बने। सपा की उम्मीदवार अंजनी सरोज को कांटे की टक्कर में हराकर जीत हासिल की। विधानसभा चुनाव में पार्टी में अंतर्कलह के बाद भी तमाम वादों को पूरा करने के लिए जनता के दिल में उतरे।

चुनाव में तमाम दिग्गजों ने भी इनके पक्ष में माहाैल बनाया। विधायकी के कार्यकाल को साढ़े चार साल बीत गया है उनके द्वारा किए गए वादों में कुछ सरकार ने तो कुछ उन्होंने पूरे किए हैं। तमाम ऐसे कार्य रह गए हैं जिनके लिए संघर्ष चल रहा है। इस बीच कई मामलों में विधायक का स्वयं बागी हो जाना भी इस बात का भी संकेत था कि उनके कार्य में दखल उन्हें पसंद नहीं।

क्षेत्र में जनता की तमाम अपेक्षाएं और विरोध भी चल रहा है लेकिन विधायक के कार्य क्षेत्र में अनवरत बने हुए हैं। विधायक के प्रयास से गिर्दबड़गांव, भिदिउरा गांव में कंपोजिट विद्यालय निर्माणाधीन है तो महाराजगंज में बीज भंडार केंद्र, गिर्दबड़गांव में पशु चिकित्सालय, प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना की 13 किमी की दो सड़कें, हाईवे को जोड़ने वाली लालानगर से ज्ञानपुर, गोपीगंज से मीरजापुर रोड तक।

घोसिया व देवनाथपुर में दो नए विद्युत उपकेंद्र के अलावा अनेक कार्य शासन स्तर से कराए जो जनता से सीधे जुड़े हैं। ज्ञानपुर मुख्य नहर व उससे निकले रजवाहों पर पुलों का निर्माण चल रहा है। इनके निर्माण का लाभ यह होगा कि लोगों की मुख्य सड़क पहुचंने की दूरी सिमट जाएगी। जबकि निधि से उदयकरनपुर में गो संरक्षण केंद्र, 150 ट्रांसफार्मराें की क्षमता वृद्धि, धार्मिक पयर्टन के रूप में रविदास मंदिर, चकवा का हनुमान मंदिर का सुंदरीकरण, नगर पंचायत खमरिया में सीसी रोड, सीवर लाइन, सामुदायिक भवन समेत क्षेत्र में सौ से अधिक सडकों का निर्माण रहा।

इसके अलावा 12 सड़कों का चौड़ीकरण होने से लोगों का आवागमन सुगम हुआ है। दावे के साथ कहा जाता है कि शासन स्तर से लगभग सात सौ करोड़ के कार्य हो चुके हैं या चल रहे हैं। जबकि निधि से रामलीला मैदान में इंटरलाकिंग बिछाना, एक गांव को दूसरे जोड़ने के लिए सड़कें बनवाना, सोलर व स्ट्रीट लाइटें लगवाई गईं। निधि का अब तक लगभग 20 करोड़ विभिन्न कार्यों में खर्च हो चुका है। आगामी कार्ययोजना के तहत तीन करोड़ रुपये की लागत से सीसी रोड का निर्माण, एक करोड़ से सोलर लाइटें, न्याय पंचायत स्तर पर ओपन जिम, नाला बनवाने का प्रस्ताव है।

---------

बोले व‍िधायक

औराई विधानसभा क्षेत्र के विधायक दीनानाथ भास्कर ने विधायक निधि से कराए गए विकास कार्यों का ब्योरा जारी करते हुए कहा कि गांवों में मूलभूत समस्याओं को दूर करने पर विशेष ध्यान है। सड़क की समस्या हो या पेयजल की। प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य सुविधाओं को बढ़ाया जा रहा है। बड़े कार्य शासन स्तर से हो रहे हैं। जबकि छोटे कार्यों को विधायक निधि से कराया जा रहा है। कार्यों में गुणवत्ता बनी रहे इसके लिए स्वयं मानीटरिंग करते हैं। निधि से अब तक लगभग 20 करोड़ रुपये के काम कराए गए। क्षेत्र के विकास के लिए अनवरत प्रयास किया है। उनके ही प्रयास का नतीजा रहा कि गिर्दबड़गांव और भिदिउरा में कंपाेजिट विद्यालय चारदीवारी समेत बन रहा है। दो उपकेंद्र बने, बीज केंद्र पशु अस्पताल का निर्माण चल रहा है। जनता की आवाज बनकर सदैव उनके साथ खड़ा हूं, भेदभाव से ऊपर उठकर क्षेत्र का विकास कर रहा हूं। - दीनानाथ भास्कर, भाजपा विधायक औराई

बोले रनर

पिछले विधानसभा चुनाव में प्रतिद्वंद्वी रहीं सपा प्रत्याशी अंजनी सरोज ने कहा कि औराई विधानसभा क्षेत्र में कोई कार्य जनता के अनुरूप नहीं हो रहा है। जो वादे किए गए थे उसके अनुरूप कोई कार्य ही नहीं हुआ। औराई चीनी मिल में उद्योग चलाने की बात हवा हवाई रही। विकास के नाम पर लूट खसोट मची है। जो सड़कें बन रहीं हैं जल्द टूट जा रहीं। इसे विकास कार्य नहीं कहा जा सकता। विरोध करने पर मुकदमा दर्ज करा दिया जाता है। विधायक को क्षेत्र की समस्याओं से कुछ लेना देना नहीं है। - अंजनी सरोज, प्रतिद्वंदी सपा प्रत्याशी

बोली जनता

क्षेत्र में सड़काें की स्थिति ठीक हुई है। जनता की समस्याएं भी सुनी जा रही, विधायक उपलब्ध भी रहते हैं। विधानसभा क्षेत्र में इंजीनियरिंग कालेज को कोई प्रयास नहीं किया गया। यह जिले की सबसे बड़ी जरूरत है। करण 12वीं पास होते ही बच्चे दूसरे प्रांतों में जाने लगते हैं। - अखिलेश दुबे, गंभीरसिंह पुर

औराई क्षेत्र में शिक्षा के लिए अच्छा कार्य हो रहा है। औराई ट्रामा सेंटर में व्यवस्थाएं बढ़नी चाहिए। चिकित्सा के लिए काम करने की जरूरत है। सड़कें बढ़ियां हुई हैं, लेकिन जो कार्य हो रहे हैं वह समय से पूरे नहीं हो रहे। इस पर सभी को ध्यान देना चाहिए। - बबलू सिंह उगापुर

नगर क्षेत्र के विस्तार के लिए कई बार प्रस्ताव बना लेकिन कोई काम नहीं हुआ। घोसिया नगर औराई तक हो जाए तो काफी विकास होगा, औराई तक पूरा शहर हो जाएगा। हाईवे पर यह नगर पंचायत होने के कारण यह जरूरी है। जो प्रस्ताव बनें उन पर काम होना चाहिए। - नुसरत अली, घोसिया

सरकार तो खूब काम कर रही है पर निचले स्तर पर गड़बड़ी, भ्रष्टाचार बढ़ गया है। कोई आवाज उठाता है तो कार्रवाई हो जाती है जबकि ऐसा पहले नहीं होता था। सरकार के काम अच्छे हैं लेकिन उसकी मानीटरिंग करने वाले ठीक नहीं है। काम में कहीं ईमानदारी, मजबूती नहीं दिखती। - रामजीत यादव, त्रिलोकपुर

------------------------------

औराई (सु.) विधानसभा

- कुल मतदाता : 3 लाख 49 हजार 615

- पुरुष मतदाता: 1 लाख 89 हजार 910

- महिला मतदाता: 1 लाख 59 हजार 705