भदोही में खाद की कालाबाजारी: समितियों पर किसानों से डीएपी-यूरिया के अधिक दाम वसूले
भदोही के चौरी स्थित बरवा साधन सहकारी समिति पर किसानों से डीएपी व यूरिया के निर्धारित मूल्य से अधिक दाम वसूले जा रहे हैं, जिससे किसान परेशान हैं। ...और पढ़ें

HighLights
बरवा समिति पर डीएपी-यूरिया के अधिक दाम वसूले जा रहे।
किसान निर्धारित मूल्य से अधिक भुगतान कर रहे, खाद नहीं मिल रही।
सहकारिता विभाग ने जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
जागरण संवाददाता, चौरी (भदोही)। बरवा साधन सहकारी समिति पर यूरिया व डीएपी का दाम निर्धारित मूल्य से अधिक लेने पर किसानों में रोष है। किसानों ने कहा कि समिति के सचिव की मनमानी के चलते क्षेत्र के किसान धान की रोपाई के बाद डीएपी व यूरिया के लिए समिति का चक्कर लगाने को विवश हैं। जिलाधिकारी से मांग की, जांच कराकर कार्रवाई की जाए।
समिति पर शनिवार की सुबह नौ बजे से ही डीएपी लेने के लिए किसानों का जमावड़ा लगने लगा। उमस भरी गर्मी के बीच सैकड़ों किसान कतार में खड़े होकर डीएपी, यूरिया के लिए अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे। पता चला कि खाद आई ही नहीं है। इससे सचिव भी नहीं आ रहे हैं।
सचिव पर आरोप लगाया कि जान पहचान वाले किसानों को वह बिना लाइन लगाए ही खाद उपलब्ध करा देते रहे हैं, जबकि उन्हें यूरिया के लिए 280 रुपये व डीएपी के लिए 1360 रुपये पहले पैसा जमा करने और बाद में खाद देने की बात कहकर टाल दे रहे हैं।
बोले किसान-
सोसाइटी पर डीएपी के लिए पिछले तीन दिनों से भाग दौड़ कर रहा हूं। सुबह नौ बजे बुलाया गया था। चार घंटे से समिति पर खाद के लिए बैठा हूं लेकिन समिति का ताला ही नहीं खुला। बाद में पता चला कि उर्वरक ही नहीं है।
-प्रेम शंकर प्रजापति, किसान
तीन दिनों से प्रतिदिन खाद के लिए सोसाइटी पर आ रहा हूं। 280 रुपए प्रति बोरी यूरिया व 1360 रुपए प्रति बोरी डीएपी के लिए पैसा जमा कर दिया है। कुछ समय बाद उर्वरक देने की बात कही गई है। जबकि यूरिया 267.50 रुपये प्रति बोरी है और डीएपी 1350 रुपये में मिलती है।
-छोटेलाल, किसान
कार्रवाई का आश्वासन
निर्धारित दाम से अधिक रुपये में उर्वरक बेचना गलत है। इसकी जांच की जाएगी। रुपया ज्यादा लेने पर कार्रवाई भी होगी। सभी सचिवों को निर्देश दिया कि निर्धारित दाम पर ही उर्वरक बेचें, जांंच में जहां गड़बड़ी मिली कार्रवाई की जाएगी।
-राम प्रकाश, सहायक निबंधक, सहकारिता