ज्ञानपुर विधायक का रिपोर्ट कार्ड : वादों को पूरा करने में लगाया दम, पटरी पर आया विकास
ज्ञानपुर विधायक विपुल दुबे ने अपने कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड जारी किया, जिसमें विश्वविद्यालय की स्थापना, गंगा पुल निर्माण और ...और पढ़ें

ज्ञानपुर विधायक विपुल दुबे का विकास रिपोर्ट कार्ड: वादे पूरे, क्षेत्र में बदलाव।
HighLights
विश्वविद्यालय की स्थापना, गंगा पुल निर्माण जैसे बड़े कार्य हुए।
विधायक निधि से 18 करोड़ के विकास कार्य, बुनियादी सुविधाओं पर जोर।
विपक्ष ने रोजगार, परिवहन सुविधाओं की कमी पर उठाए सवाल।
जागरण संवाददाता, भदोही। प्रदेश की राजनीति और प्रशासनिक क्षेत्र में भय का माहौल पैदा करने वाले ज्ञानपुर विधानसभा क्षेत्र में चार बार से विधायक रहे बाहुबली विजय मिश्र को पांचवी बार में भाजपा और उसके सहयोगी दल निषाद पार्टी ने पटखनी दी। इस विधानसभा क्षेत्र में विजय मिश्र जैसे बाहुबली और सपा के रामकिशोर बिंद को पटखनी देकर भाजपा-निषाद पार्टी के उम्मीदवार विपुल दुबे विजयी हुए।
भाजपा समर्थित उम्मीदवार ने चुनाव में जो वादे किए थे सरकार ने उन्हें पूरा किया। यह बात अलग है कि पूर्व में जनता की व्यक्तिगत अपेक्षाएं पूर्व विधायक पूरी करता रहा वह इस कार्यकाल में दिखने को नहीं मिली। इस विधानसभा क्षेत्र में ज्यादातर नए और बड़े कार्य हुए।
विश्वविद्यालय की मांग पूरी हुई तो डेंगुरपुर में गंगा पुल निर्माण को मंजूरी मिली और दोनों ही बड़ी परियोजनाओं पर काम शुरू हो गया। 15 से अधिक सड़कों का चौड़ीकरण होना भी नए कार्यों में कहा जा सकता है, हालांकि शासन में वर्तमान विधायक ने जो मांग उठाई, उसे हरी झंडी मिलती गई। पिछले चार साल में लगभग 2000 करोड़ के कार्य शासन स्तर से कराए जा रहे हैं।
जबकि विधानसभा क्षेत्र में 112 ग्राम पंचायतों में विधायक निधि से सात करोड़ से इंटरलाकिंग और डामरयुक्त सड़कों का निर्माण हो गया है। हाईमास्ट लाइटें, नाला निर्माण सोलर लाइट, सिंचाई को 11 नए नलकूप, दो बारात घर, 50 ट्रांसफार्मर की क्षमता वृद्धि, नाला निर्माण, सीतामढ़ी में सभागाऱ, वहां का सुंदरीकरण़, विभूति नारायण राजकीय इंटर कालेज में मिनी स्टेडियम समेत अन्य कार्यों पर निधि का लगभग 18 करोड़ खर्च हो चुका है। आगामी कार्ययोजना के तहत तीन करोड़ रुपये की लागत से सीसी रोड का निर्माण, एक करोड़ रुपये से सोलर लाइटें लगवाना और 30 ग्राम पंचायतों में ओपन जिम लगवाने का प्रस्ताव तैयार है।
बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर रहा पूरा फोकस : विपुल दुबे
ज्ञानपुर विधायक विपुल दुबे ने विधायक निधि से कराए गए विकास कार्यों का ब्यौरा जारी करते हुए कहा कि गांवों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया गया है। अब तक विधायक निधि से लगभग 18 करोड़ रुपये विभिन्न विकास कार्यों पर खर्च किए जा चुके हैं। क्षेत्र के विकास के लिए अनवरत प्रयास किया है। स्वास्थ्य, शिक्षा, आधारभूत संरचना सहित सभी बुनियादी सुविधाएं सुदृढ़ हो लगातार कोशिश की है। जनता की आवाज बनकर सदैव उनके साथ खड़ा रहा, भेदभाव से ऊपर उठकर क्षेत्र का विकास कर रहा हूं।
सदन में इन मुद्दों पर मुखर रहे विधायक
- जर्जर सड़कों की मरम्मत, जिला मुख्यालय के अलावा हाईवे को जोड़ने वाली सड़कों का चौड़ीकरण।
- सिंचाई व्यवस्था को सुदृढ़ करना।
- विधानसभा क्षेत्र में मेडिकल कालेज व इंजीनियरिंग कालेज की मांग।
- लो-वोल्टेज की समस्या का स्थायी समाधान।
- अनुसूचित मजरों में शत-प्रतिशत विद्युतीकरण।
- जल निकासी व नालों की समय-समय पर सफाई।
- गोपीगंज से मीरजापुर मार्ग पर ककराही में रेलवे लाइन पर ओवरब्रिज।
- कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के उपचार के लिए बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं जिले में उपलब्ध कराई जाएं।
- केएनपीजी के कृषि संज्ञान में सभी पदों का सृजन।
बन गया विश्वविद्यालय, अन्य का चल रहा काम
40 वर्षों से केएनपीजी को विश्वविद्यालय बनाने की मांग हो रही थी। चुनाव के दौरान इसे विश्वविद्यालय और डेंगुरपुर गंगा घाट पर पक्का पुल का वादा किया था। सदन में इसे प्रभावी ढंग से रखा, शासन ने इसे पूरा किया। कालेज को विश्वविद्यालय का दर्जा मिल चुका है। अन्य एकेडमिक, प्रशासनिक व अन्य भवन जल्द शुरू हो जाएंगे। ककराही में ओवरब्रिज का कार्य अभी शुरू नहीं हुआ है। इसके लिए शासन में प्रयास किया जा रहा है। मेडिकल व इंजीनियरिंग कालेज के लिए प्रयास कर रहे हैं।
नहीं दिख रहा विकास कार्य : पिछले विधानसभा चुनाव में निकटतम प्रतिद्वंद्वी रहे सपा प्रत्याशी रामकिशोर बिंद ने कहा कि ज्ञानपुर विधानसभा क्षेत्र में कोई कार्य जनता के अनुरूप नहीं हो रहा है। क्षेत्र की जनता ठगा महसूस कर रही है। विधायक को क्षेत्र की समस्याओं से उनका कुछ लेना देना नहीं है। विधायक द्वारा किया गया विकास कार्य कहीं दिखाई नहीं देता है। उनका व्यक्तिगत विकास अवश्य जनता देख रही है। -रामकिशोर बिंद भदोही, (रनर)
बोली जनता
चुने हुए विधायक पर पूरे क्षेत्र की जिम्मेदारी होती है। वह चंद लोगों का नेता नहीं होता। तमाम बड़ी परियोजनाएं ज्ञानपुर विधानसभा क्षेत्र में आई हैं। जनता की समस्याएं भी सुनी जाती हैं, वह उपलब्ध भी रहते हैं। कुछ लोगों को समस्याएं हैं, कारण उनका व्यक्तिगत कार्य नहीं हो रहा। - सोनू मिश्र, ज्ञानपुर
ज्ञानपुर क्षेत्र में शिक्षा और स्वास्थ्य पर खूब काम हुआ है पर रोजी रोजगार के लिए काम होना चाहिए था। यहां के युवा पढ़ लिखकर गैर प्रांतों मेंं जा रहे है। विधायक को क्षेत्र में रोजी राेजगार बढ़ाने के लिए सदन में मांग उठानी चाहिए। - ज्ञानेश्वर अग्रवाल, गोपीगंज
ज्ञानपुर विधानसभा क्षेत्र में सड़कों पर खूब काम हुआ है। पूर्व में जहां गड्ढायुक्त सड़कों पर चलना विवशता थी वहीं अब गाड़ियां फर्राट भरती हैं। जिला मुख्यालय के लिए सिटी बस अभी तक नहीं चली है, यह सभी बड़ी समस्या है।इसका भी समाधान होना चाहिए।- महेंद्र सिंह, प्रधान रमईपुर।
डीघ क्षेत्र में सरकारी बसें नहीं चलती। इसके लिए विधायक ने कोई प्रयास नहीं किया। कोइरौना में तहसील बनाने की लंबे समय से मांग हो रही है। इसके लिए भी कभी विधायक ने कुछ नहीं बोला। इससे इस क्षेत्र की जनता को 35 किमी दूर ज्ञानपुर मुख्यालय जाना होता है। ज्ञानपुर पहुंच जाएं तो वहां से मुख्यालय जाने के लिए कोई साधन नहीं है। इसके लिए जिले में रोडवेज बस डिपो बनवाने के लिए सदन में सवाल उठाना चाहिए। - अभिषेक माैर्य, नवधन
---------------------------
ज्ञानपुर विधानसभा
- कुल मतदाता : 3 लाख 60 हजार 327
- पुरुष मतदाता: 1 लाख 95 हजार 458
- महिला मतदाता: 1 लाख 65 हजार 369
