भदोही के ज्ञानपुर रोड स्टेशन पर खुला पूछताछ केंद्र, यात्रियों को मिलेगी ट्रेनों की सटीक जानकारी
भदोही के ज्ञानपुर रोड रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए पूछताछ केंद्र खुल गया है। अब यात्रियों को ट्रेनों की सही जानकारी मिलेगी और उन्हें भटकना नहीं पड़ेगा।

भदोही में अब ट्रेनों की मिलेगी सही जानकारी, परेशान नहीं होंगे यात्री, स्टेशन पर खुला पूछताछ केंद्र।
HighLights
ज्ञानपुर रोड स्टेशन पर नया पूछताछ केंद्र शुरू।
यात्रियों को ट्रेनों की सही जानकारी अब मिलेगी।
रेल यात्रियों की परेशानी अब होगी खत्म।
जागरण संवाददाता, लालानगर (भदोही)। पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी-प्रयागराज रेलखंड पर स्थित ज्ञानपुर रोड रेलवे स्टेशन पर पहुंचने वाले यात्रियों को अब ट्रेनों के आगमन से लेकर किसी भी जानकारी को लेने के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। अब उन्हें सही जानकारी उपलब्ध होगी। स्टेशन पर पूछताछ केंद्र खुलने से यात्रियों को बड़ी सहूलियत मिल गई है।
जिले के प्रमुख व्यावसायिक नगर गोपीगंज के समीप स्थित ज्ञानपुर रोड रेलवे स्टेशन पर लगभग सभी ट्रेनों का ठहराव होता है। स्टेशन से प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्रियों का विभिन्न महानगरों के लिए आवागमन होता है। बावजूद इसके अभी तक स्टेशन पर पूछताछ केंद्र न होने से यात्रियों को किसी भी जानकारी के लिए इधर उधर भटकना पड़ता था।
स्टेशन आने वाले लोगों को काफी असुविधा होती थी। रेलवे स्टेशन पर लंबे समय से पूछताछ केंद्र (सहयोग केंद्र) खोलने की मांग की जा रही थी। विभाग द्वारा इस मांग को पूरी करते हुए स्वीकृति प्रदान कर दी गई। रविवार को पुराने टिकट काउंटर के कक्ष में इसकी स्थापना कर केंद्र चालू कर दिया गया। पूछताछ केंद्र शुरू होने से यात्रियों को भारी सुविधा मिल गई है।
