बिजनौर में गुलदार ने महिला पर किया हमला, बड़ी मुश्किल से बची जान, क्षेत्र में दहशत
Bijnor News : अफजलगढ़ के हिदायतपुर चौहड़वाला गांव में एक महिला पर खेत में गन्ना छीलते समय गुलदार ने हमला कर दिया। घायल महिला को सीएचसी से जिला मेडिकल ...और पढ़ें

गुलदार का प्रतीकात्मक फोटो, अस्पताल में भर्ती महिला।
HighLights
खेत में गन्ना छील रही महिला पर गुलदार ने किया हमला।
ग्रामीणों ने शोर मचाकर महिला को गुलदार से बचाया।
संवाद सूत्र, अफजलगढ़ (बिजनौर)। अफजलगढ़ थाना क्षेत्र के गांव हिदायतपुर चौहड़वाला में मंगलवार सुबह खेत पर गन्ना छील रही एक महिला पर अचानक गुलदार ने हमला कर दिया। गुलदार ने उसे खींच कर ले जाने का प्रयास किया, लेकिन शोर सुनकर आसपास के खेतों पर काम कर रहे ग्रामीणों ने महिला को बचाया। जिससे उसकी जान बच सकी। महिला को सीएचसी में भर्ती कराया, जहां से जिला मेडिकल कालेज अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
मंगलवार सुबह गांव हिदायतपुर चौहड़वाला निवासी लगभग 55 वर्षीय महिला राजो देवी पत्नी होरी सिंह गांव की ही कुछ महिलाओं के साथ गांव निवासी किसान मोनू कुमार पुत्र सुबोध सिंह के खेत में गन्ना छीलने गई थीं। सुबह लगभग दस बजे वह खेत में गन्ना छील रही थीं, उस समय वह अकेली थीं, उनसे कुछ दूरी पर अन्य महिलाएं गन्ना छील रही थीं।
इसी दौरान पास के खेत से निकल कर आए एक गुलदार (Leopard) ने अचानक उन पर हमला कर दिया। महिला की चीख पुकार सुनकर अन्य महिलाएं व पास के खेतों पर काम कर रहे ग्रामीण मौके पर दौड़े। उन्होंने शोर मचाकर लाठी-डंडे फटकारे, जिससे गुलदार राजो देवी को छोड़कर भाग गया।
ग्रामीणों के मुताबिक गुलदार राजो देवी को खींच कर ले जाने का प्रयास कर रहा था, यदि समय पर अन्य ग्रामीण ना आते तो बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद स्वजन ने महिला को सीएचसी में भर्ती कराया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद जिला मेडिकल कालेज अस्पताल रेफर कर दिया गया। स्वजन के महिला की कमर व गर्दन पर पंजे के निशान हैं, स्थिति सामान्य है।
इस बारे में नगीना वन क्षेत्राधिकारी पीके शर्मा ने बताया कि ग्रामीणों की सूचना पर टीम को भेजा गया है, एक पिंजरा लगवाया गया है, गुलदार की लोकेशन का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।