Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    दोस्त की बर्थ-डे पार्टी में आए युवक को मारी गोली, गिरफ्तारी की मांग को लेकर स्वजन का हंगामा; थाने के बाहर लगाया जाम

    Updated: Sat, 16 May 2026 01:04 AM (IST)

    दोस्त की जन्मदिन पार्टी में हुए विवाद के बाद अमरोहा के लोकेश उर्फ टंडेल की बिजनौर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    HighLights

    1. जन्मदिन पार्टी में विवाद के बाद युवक की हत्या।

    2. आरोपियों ने बहाने से बुलाकर मारी गोली।

    3. परिजनों ने गिरफ्तारी की मांग को लेकर किया प्रदर्शन।

    संवाद सूत्र, शिवाला कला (बिजनौर)। दोस्त की जन्मदिन पार्टी में आए अमरोहा के युवक की दूसरे दोस्त ने बहाने से अपने घर बुलाकर गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने चार आरोपितों के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर मृतक के स्वजन ने फीना-अमरोहा मार्ग पर थाने के सामने जाम लगाकर हंगामा किया।

    जिला अमरोहा के थाना नौगांव सादात के गांव आल्हैदादपुर टांडा निवासी 23 वर्षीय लोकेश उर्फ टंडेल गुरुवार रात गांव शिवाला कला निवासी अपने दोस्त विशाल पाल की जन्मदिन पार्टी में आया था। पार्टी में अन्य दोस्तों के साथ शिवाला कला निवासी सचिन उर्फ सिंटू भी था।

    पार्टी में शराब पीने के दौरान दोस्तों के बीच किसी बात को लेकर गाली-गालौज हो गई थी, जिसके चलते रात लगभग 10 बजे सिंटू अपने घर चला गया। घर पहुंचकर उसने लोकेश को काल कर अपने घर बुलाया। लोकेश, विशाल पाल, लक्की व उज्ज्वल के साथ बाइक पर सवार होकर सिंटू के घर जा रहे थे।

    क्या लगाए आरोप?

    आरोप है कि घर से पहले ही रास्ते में खड़े सिंटू व उसके साथी विशाल उर्फ बिच्छू, प्रियांशु चौहान व सिद्धार्थ ने लोकेश को रोक लिया। लोकेश की कनपटी से सटाकर तमंचे से गोली मार दी।

    लोकेश लहूलुहान होकर गिर गया। पुलिस ने घायल को सीएचसी नूरपुर भिजवाया जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के स्वजन रात में ही अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मृतक के भाई अंकुल की तहरीर पर पुलिस ने आरोपित सिंटू, विशाल, प्रियांशु व सिद्धार्थ के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली है। आरोपितों की तलाश में दबिश दी जा रही है।

    खबरें और भी

    फीना-अमरोहा मार्ग पर जाम लगाया

    मृतक के स्वजन व ग्रामीणों ने शुक्रवार शाम चार बजे थाने के सामने फीना-अमरोहा मार्ग पर जाम लगा दिया। सीओ चांदपुर देश दीपक सिंह व पांच थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। अधिकारियों के समझाने पर ढाई घंटे बाद जाम खोल दिया गया।

    अविवाहित लोकेश नोएडा में एक कंपनी में नौकरी करता था। एएसपी देहात प्रकाश कुमार ने बताया कि जन्मदिन पार्टी में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। आपस में गाली-गालौज हुई थी। जिसके बाद आरोपितों ने गोली मारकर युवक की हत्या कर दी।