बिजनौर में कार और बाइक की भिड़ंत में दो युवकों की मौत, अन्य हादसे में कुत्ते के कारण गई बाइक सवार की जान
Bijnor News: बिजनौर में दो अलग-अलग सड़क हादसों में तीन युवकों की मौत हो गई। पहले हादसे में बाइक सवार ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
नजीबाबाद में मंडी जा रहे दो युवकों को कार ने टक्कर मारी।
बाइक कुत्ते से टकराई, युवक की अस्पताल जाते समय मौत।
संवाद सहयोगी, नजीबाबाद (बिजनौर)। शुक्रवार की सुबह मंडी में काम पर जा रहे दो युवकों की सड़क हादसे में मौत हो गई। दोनों युवक बाइक पर सवार होकर जा रहे थे, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों युवक उछलकर सड़क पर आ गिरे और दोनों की मौत हो गई। पुलिस शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर कार चालक को हिरासत में लिया है। दोनों की मौत होने से स्वजन में कोहराम मच गया।
नजीबाबाद कोतवाल अमित कुमार ने बताया कि ग्राम गाजीपुर निवासी 40 वर्षीय मौहम्मद शमून पुत्र अनीस और ग्राम फाजलपुर हबीब उर्फ ज्वलीलाला थाना किरतपुर निवासी 45 साल का कादिर पुत्र शफीक अहमद शुक्रवार सुबह लगभग आठ बजे बाइक पर सवार होकर मंडी में काम करने के लिए जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक गाजीपुर के सामने जमालती कट के पास पहुंची, तभी सामने से आ रही कार से जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में बाइक सवार दोनों व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए।
आसपास के लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को उपचार के लिए पूजा हास्पिटल नजीबाबाद पहुंचाया। चिकित्सकों जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने कार चालक सचिन पुत्र कैलाश चंद्र निवासी कुंभी चौड़, कोटद्वार, उत्तराखंड को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार और बाइक को कब्जे में ले लिया है। मृतकों के स्वजन को हादसे की सूचना दे दी गई है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया।
कुत्ते से टकराकर बाइक अनियंत्रित होने के बाद हादसे में युवक की मौत
चंदक। नांगल सोती थाना क्षेत्र के ग्राम सबलपुर बीतरा निवासी 36 वर्षीय कुलदीप पुत्र मंगू सिंह गुरुवार की शाम की मंडावर से अपने घर लाैट रहा था। जैसे ही वह बिजनौर-हरिद्वार रोड स्थित मंडी समिति के पास पहुंचने पर अचानक की बाइक के आगे कुत्ता आ गया, जिससे बाइक अनियंत्रित हो गई। इस दुर्घटना कुलदीप गंभीर रूप से घायल हो गया।
दुर्घटना के बाद मौके पर भीड़ लग गई। इसी भीड़ में कुलदीप का रिश्तेदार पंकज वहां पहुंचा तो उसने पहचान कर उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां के चिकित्सकों ने उसे प्राथमिक उपचार के बाद जिला मेडिकल अस्पताल के लिए रेफर कर दिया, लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। दुर्घटना के बाद से स्वजन में कोहराम मच गया। चंदक पुलिस चौकी प्रभारी सुशील कुमार ने बताया कि वर्तमान में कुलदीप के एक पुत्र और एक पुत्री है।
