इलेक्ट्रिक राॅड में आए करंट की चपेट में आकर महिला की मौत; इसके प्रयोग में यह बरतें सावधानी
Bijnor News: बिजनौर के शेरकोट में एक 55 वर्षीय महिला वैजंती देवी की घर में इलेक्ट्रिक रॉड से पानी गर्म करते समय करंट लगने से मौत हो गई। ...और पढ़ें

-
HighLights
सुबह के समय पानी गर्म करने के लिए लोहे की बाल्टी में लगाई थी राड ।
स्वजन गंभीर हालत में अस्पताल ले गए, चिकित्सक ने किया मृत घोषित।
संवाद सूत्र, शेरकोट (बिजनौर)। शेरकोट नगर के मुहल्ला फतेहनगर में मंगलवार सुबह घर में एक महिला लाेहे की बाल्टी में इलेक्ट्रिक राॅड से पानी गर्म करने के दौरान करंट की चपेट में आ गईं। करंट लगने से वह बेहोश हाे गईं। चीख सुनकर मौके पर आए स्वजन ने करंट की चपेट से दूर किया और अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डाक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। स्वजन ने पोस्टमार्टम की कार्रवाई नहीं की है।

मुहल्ला फतेहनगर निवासी 55 वर्षीय वैजंती देवी पत्नी हरपाल सिंह ने मंगलवार की सुबह पानी गर्म करने के लिए लोहे की बाल्टी में पानी भर कर इलेक्ट्रिक राड लगाई थी। इसके बाद वह घर के कार्य में लग गई। उधर, साफ-सफाई के दौरान महिला बाल्टी के पास पहुंच गई और अंजाने में बाल्टी के संपर्क में आ गई। इलेक्ट्रिक राड में उतर रहे करंट का तेज झटका महिला को लगा।
जिससे वह बेहोश हाे कर जमीन पर गिर गई। महिला को गिरता देख स्वजन मौके पर पहुंचे और किसी प्रकार बिजली कट कर उसे करंट की चपेट से अलग किया। महिला के पति ने मुहल्ले वालों को अपने घर शोर मचाकर बुलाया और महिला को गंभीर हालत में उपचार के लिए धामपुर ले गए। यहां निकजी अस्पताल में महिला को भर्ती कराया गया।
जांच के बाद चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। जिसके बाद स्वजन शव को घर ले आए, उन्होंने कोई पुलिस कार्रवाई नहीं की है। हरपाल सिंह के भतीजे रानू सिंह ने बताया कि वैजंती देवी का मात्र एक ही पुत्र जितेंद है, जो अविवाहित है और केरलम स्थित ब्रुश कारखाने में नौकरी करता है। उसे सूचना दे दी गई है, उसके आने के बाद ही अंतिम संस्कार किया जाएगा।
खबरें और भी
इलेक्ट्रिक राॅड प्रयोग करते समय बरतें सावधानी
- हमेशा प्लास्टिक की बाल्टी में ही पानी गर्म करने को इलेक्ट्रिक राड उपयोग करें।
- पानी में इलेक्ट्रिक राड डालने के बाद ही स्विच आन करें
- इलेक्ट्रिक राड में करंट का प्रवाह होने के बाद बाल्टी में हाथ न डालें।
- करंट से बचने के लिए सूखे हाथों से ही प्लग लगाएं।
- पानी गर्म होने के बाद पहले स्विच बंद करें, फिर राड निकालें।
- राड पर न्यूनतम और अधिकतम जल स्तर के निशान होते हैं और पानी निशानों के बीच होना चाहिए।