किसान की खेत में गोली मारकर हत्या, अन्य मामले में युवक की मौत के बाद स्वजन का हत्या का आरोप; बिजनौर पुलिस ने शुरू की जांच
Bijnor News: बिजनौर के चांदपुर क्षेत्र में खेत की जुताई करने गए किसान की गोली मारकर हत्या कर दी गई। ...और पढ़ें

विजय पाल सिंह का फाइल फोटो, मौके पर जांच करती पुलिस।
HighLights
चांदपुर क्षेत्र के केलनपुर गांव में ट्रैक्टर पर मिला किसान का शव।
धामपुर क्षेत्र में युवक की मौत के बाद स्वजन का हत्या का आरोप।
संवाद सहयोगी, चांदपुर (बिजनौर)। चांदपुर क्षेत्र के गांव केलनपुर में खेत की जुताई करने गए किसान की सीने व पेट में गोलीमार कर हत्या कर दी गई। आधी रात किसान का शव खेत में ट्रैक्टर पर मिला। किसान की हत्या से स्वजन में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस जांच के बाद शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है।
गांव निवासी 50 वर्षीय विजय पाल सिंह किसान थे। बुधवार शाम वह ट्रैक्टर लेकर खेत की जुताई करने गए थे। उनके खेत गांव से दो से ढाई किलोमीटर दूर हैं। देर रात तक जब वह नहीं लौटे तो स्वजन और ग्रामीण तलाशते हुए खेत पर पहुंचे। आधी रात करीब एक बजे विजयपाल का गोली लगा शव वहां ट्रैक्टर की सीट पर मिला। हत्या से स्वजन के होश उड़ गए, वहीं ग्रामीणों की भीड़ मौके एकत्र हो गई।
सूचना पर सीओ देश दीपक सिंह व कोतवाल सुधीर पवार पुलिस टीम के साथ वहां पहुंचे और मामले की जांच शुरू की की। विजय पाल के सीने और पेट में गोली मारी गई थी। रात भर हुई पूछताछ में हत्या के कारणों का पता नहीं लग सका। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है।
वहीं मामले में मुकदमे की कार्रवाई की जा रही है। घटना से स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों के अनुसार मृतक का बेटा एससीबी में एसआई के पद पर तैनात है। बड़े बेटे की दो साल पहले मौत हो चुकी है। ग्रामीणों का कहना है कि विजयपाल की किसी से कोई दुश्मनी भी नहीं थी। लेकिन हत्या क्यों और किसने की यह रहस्य बना है।
संदिग्ध हालात में युवक की मौत, स्वजन ने लगाया हत्या का आरोप
धामपुर : गांव सुहागपुर में बुधवार देर रात करीब 12:30 बजे एक युवक बेहोशी की हालत में मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे सीएचसी में भर्ती कराया, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। युवक की पहचान करीब 30 वर्षीय विपिन कुमार पुत्र चेतराम निवासी गांव सुहागपुर के रूप में हुई है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। स्वजन ने आरोप लगाया है कि देर रात युवक पीटकर हत्या की गई है। जबकि सीओ धामपुर डॉक्टर अंजनी कुमार का कहना है कि देर रात ग्रामीणों से सूचना मिली थी कि संदिग्ध अवस्था में एक युवक गांव में घूम रहा है। कुछ लोगों ने शोर मचाया तो वह भागते हुए गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के कारणों का पता लग सकेगा।
