IAS उमेश प्रताप सिंह बिजनौर के नए DM, जसजीत कौर का हुआ तबादला
Bijnor News: बिजनौर की जिलाधिकारी जसजीत कौर का तबादला हो गया है। उमेश प्रताप सिंह को जिले का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है।

IAS उमेश प्रताप सिंह और IAS जसजीत कौर I फाइल फोटो
HighLights
2012 बैच के आईएएस अधिकारी हैं उमेश प्रताप सिंह।
जसजीत कौर ने 18 जनवरी 2025 को ग्रहण किया था पदभार।
जागरण संवाददाता, बिजनौर। शासन ने जिलाधिकारी जसजीत कौर का स्थानांतरण कर दिया है। उन्होंने 18 जनवरी 2025 को डीएम बिजनौर का पदभार ग्रहण किया था। उनका स्थानांतरण प्रबंध निदेशक उत्तर प्रदेश इलेक्ट्रानिक्स कार्पोरेशन लिमिटेड के पद किया गया है। जबकि अभी तक पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के विशेष सचिव रहे उमेश प्रताप सिंह को बिजनौर का नया डीएम बनाया गया है।
जसजीत कौर का जनपद में डीएम के रूप में कार्यकाल करीब 21 माह का रहा। उनके कार्यकाल में रावली तटबंध बनाया गया और गंगा किनारे बसे लोगों को पिछले कई सालों से आ रही बाढ़ से मुक्ति मिली। हालांकि पूर्व सांसद भारतेंद्र सिंह ने तटबंध की गुणवत्ता पर सवाल उठाए थे और इसकी शिकायत भी की गई थी।
साथ ही पूर्व सांसद का सवाल उठाते हुए वीडियो भी प्रसारित हुआ था। जसजीत कौर को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम और वोटर मैपिंग के दौरान उत्कृष्ट कार्य व प्रशिक्षण के लिए राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित भी किया गया। अब उनको प्रबंध निदेशक उत्तर प्रदेश इलेक्ट्रानिक्स कार्पोरेशन लिमिटेड की जिम्मेदारी दी गई है।
यह भी पढ़ें- कौन हैं IAS दिव्यांशु पटेल, जिन्हें बतौर जिलाधिकारी मिली पहली पोस्टिंग; बागपत की DM अस्मिता लाल का तबादला
उधर, पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के विशेष सचिव रहे उमेश प्रताप सिंह को बिजनौर का नया डीएम बनाया गया है। उमेश प्रताप सिंह इससे पहले 2022 में शाहजहांपुर के डीएम भी रहे। साथ ही उत्तर प्रदेश राज्य नगरीय विकास अभिकरण यानी के निदेशक पद पर तैनात रहे है। वह 2012 बैच के आईएएस अधिकारी है। बिजनौर वह देर शाम तक पहुंचेंगे। अधिकारी नवागत डीएम के स्वागत की तैयारियों में लगे रहे।
