घर में घुसे गुलदार से भिड़कर पालतू कुत्ते ने बचाई परिवार की जान, अन्य मामले में खेत से निकले गुलदार का महिला पर हमला
Bijnor News: बिजनौर के शाहपुर जमाल गांव में एक गुलदार घर के आंगन में घुस आया। इस दौरान पालतू कुत्ते ने गुलदार का मुकाबला किया। इस दौरान परिवार बचने मे ...और पढ़ें

घर में घुसे गुलदार से भिड़कर पालतू कुत्ते ने बचा ली परिवार की जान (AI जेनरेटिड फोटो)
HighLights
बिजनौर में गुलदार ने घर के आंगन में घुसकर हमला किया।
गुलदार गंभीर घायल कुत्ते को उठाकर गन्ने के खेत में ले गया।
संवाद सूत्र, भूतपुरी (बिजनौर)। कुत्ते की इंसान से वफादरी का एक और मामला सामने आया है। भूतपुरी क्षेत्र में गांव शाहपुर जमाल में एक गुलदार ने एक ग्रामीण के घर के आंगन में घुसकर पालतू कुत्ते पर हमला कर दिया। ग्रामीण के मुताबिक कुत्ते ने काफी देर तक गुलदार का मुकाबला किया, लेकिन बाद में गुलदार उसे उठा कर ले गया। इस दौरान घर में मौजूद सदस्य अंदर चले गए। घर में गुलदार के घुसने से ग्रामीणों में दहशत व्याप्त है।
गांव निवासी तुंगल सिंह ने बताया कि सोमवार देर शाम वह परिवार के साथ घर में बैठे थे। उनका पालतू कुत्ता पप्पी आंगन में मौजूद था। तभी अचानक एक गुलदार (Leopard) आंगन में घुस आया और कुत्ते पर झपट पड़ा। कुत्ता काफी देर तक गुलदार से भिड़ा लेकिन बाद में गर्दन से गंभीर घायल कुत्ते को मरणासन्न हालत में पकड़कर ले गया। उधर, इस दौरान परिवार के लोग सुरक्षित स्थान पर चले गए।
परिवार वालों के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर मौके पर दौड़े, लेकिन तब तक गुलदार कुत्ते को जबड़ों में दबाकर पास के गन्ने के खेत में ले गया। घर में गुलदार के घुसने की घटना से पूरे गांव में दहशत का माहौल है।
ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत घर के पास बनी पुलिया और आसपास के गन्ने के खेतों में गुलदार कई दिनों से लगातार देखा जा रहा है।
इसके बावजूद अब तक उसे पकड़ने के लिए कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। पिंजरा लगाकर गुलदार को पकड़ने की मांग की है। वन क्षेत्राधिकारी प्रदीप कुमार शर्मा ने बताया कि सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम को मौके पर भेज दिया गया है। जल्द ही गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया जाएगा।
खबरें और भी
पति संग दवाई लेकर लौट रही महिला पर गुलदार का हमला
जलीलपुर: क्षेत्र के गांव मीरापुर खादर निवासी हरपाल सिंह सोमवार देर शाम अपनी पत्नी सुनीता को बाइक से दवाई दिलाने बास्टा क्षेत्र के गांव रसूलपुर नंगला गए थे। करीब आठ बजे दोनों वापस लौट रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक रसूलपुर नंगला से लेनपुरी गांव के बीच पहुंची तभी गन्ने के खेत से निकले गुलदार ने सुनीता पर झपट्टा मार दिया। जिससे बाइक नीचे गिर गई।
इसी दौरान गुलदार ने सुनीता के पैर को काटकर बुरी तरह जख्मी कर दिया। हरपाल ने साहस दिखाते हुए शोर मचा दिया। जिसके बाद गुलदार गन्ने के खेत में भाग गया। शोर सुनकर आसपास के लोग भी एकत्र हो गए। बाद में घायल सुनीता को निजी चिकित्सक के पास ले जाया गया। जहां उपचार के बाद उसे घर भेज दिया।
उधर, गांव में गुलदार द्वारा सुनीता पर हमले करने के बाद से ग्रामीणाें में दहशत बनी है। रेंजर दुष्यंत कुमार का कहना है कि इस घटना की जानकारी नहीं मिली है। यदि ऐसा है तो टीम को मौके पर भेजा जाएगा।