विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गंधक-पोटाश से लगी थी शहीद एक्सप्रेस के कोच में आग, युवक दीपावली के लिए ले जा रहा था गंधक-पोटाश

By Navneet Sharma Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Sun, 25 Oct 2026 12:25 PM (GMT+05:30)

शहीद एक्सप्रेस के एस-6 कोच में नगीना स्टेशन के पास गंधक-पोटाश से आग लग गई थी, जिसमें एक युवक दीपक ...और पढ़ें

नगीना में शहीद एक्सप्रेस ट्रेन के कोच में लगी आग को बुझाते दमकलकर्मी। वीडियो ग्रैब

नगीना में शहीद एक्सप्रेस ट्रेन के कोच में लगी आग को बुझाते दमकलकर्मी। वीडियो ग्रैब

जागरण संवाददाता, बिजनौर। शहीद एक्सप्रेस (14674) के एस-6 स्लीपर कोच में नगीना स्टेशन के पास शुक्रवार रात करीब 11:15 बजे गंधक-पोटाश से आग लगी थी। इस मामले में धामपुर आरपीएफ चौकी में जनपद कुशीनगर निवासी एक युवक पर मुकदमा दर्ज किया गया है। आरपीएफ को गंधक-पोटाश की पुड़िया और दीपावली पर गंधक-पोटाश को पटाखा के रूप में छुड़ाने वाली लोहे के पाइप से बनी नाल बरामद हुई है।

अमृतसर से चलकर जयनगर जा रही शहीद एक्सप्रेस ट्रेन के स्लीपर कोच एस-छह में आग लग गई थी। चेन पुलिंग कर ट्रेन को नगीना में बिजनौर रोड पर डबल फाटक पर रोक दिया गया था। पुलिस, दमकल और रेलवे की टीम मौके पर पहुंची। आग को बुझाया गया। जांच कर करीब घंटाभर बाद ट्रेन को रवाना किया गया। आरपीएफ द्वारा की गई जांच में सामने आया कि ट्रेन में अन्य सवारियों के साथ ही गोविंदगंज (हरियाणा) से गोरखपुर जा रहे दीपक व उसके परिवार की स्लीपर कोच एस-छह में सीट संख्या 66-67 आरक्षित थीं।

ऊपरी सीट पर अन्य सामान के साथ बैग रखा था। अन्य सवारियों के बैग भी ऊपर की सीटों पर थे। देर रात नगीना में रेल फाटक के पास बैग में विस्फोट के बाद आग लगने से अफरातफरी मच गई। कोच चंद सेकंड में धुएं से भर गया। रेलवे की टीम ने आग पर काबू पाया। घटना में बैग और यात्रियों के सामान को नुकसान पहुंचा था। करीब एक घंटे तक रेल संचालन प्रभावित रहा। जांच के बाद ट्रेन देर रात 2:45 बजे मुरादाबाद जंक्शन पहुंची।

शुरुआती जांच में माना जा रहा कि दीपक दीपावली के चलते विस्फोटक लेकर घर जा रहा था, इसी दौरान हादसा हुआ। धामपुर आरपीएफ चौकी प्रभारी चेतन कुमार ने बताया कि मौके पर जांच के दौरान गंधक-पोटाश की पुड़िया और उसे छुड़ाने वाली नाल बरामद हुई थी। इस मामले में जिला कुशीनगर के गांव मंडरा निवासी दीपक कुमार के खिलाफ लापरवाही व रेलवे सुरक्षा अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। आशंका है कि आरोपित अपने साथ गंधक-पोटाश व नाल ले जा रहा था। गंधक-पोटाश की पुड़िया में आग के कारण ही घटना हुई। घटना के बाद आरोपित ट्रेन से चला गया था। उसकी तलाश की जा रही है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।