कांवड़ियों का अनियंत्रित ट्रैक्टर नदी के पुल की रेलिंग तोड़कर लटका, मची चीखपुकार
Bijnor News : बिजनौर में मंडावली-नजीबाबाद मार्ग पर रतनाल नदी पुल पर एक कांवड़ वाहन के अचानक ब्रेक लगाने से रामपुर के शिवभक्तों का ट्रैक्टर पुल से लटक ...और पढ़ें

मंडावली-नजीबाबाद मार्ग पर पुल से नीचे लटका ट्रैक्टर।
HighLights
ट्रैक्टर में सवार थे रामपुर के शिवभक्त।
बिजनौर पुलिस ने ट्रैक्टर को सुरक्षित निकलवाया।
संवाद सूत्र, जागरण, मंडावली (बिजनौर)। मंडावली-नजीबाबाद मार्ग पर रतनाल नदी पुल पर से जिला रामपुर के थाना टांडा क्षेत्र के शिवभक्त हरिद्वार कांवड़ लेने जा रहे थे। इनके आगे एक कांवड़ वाहन जा रहा था। चालक ने रतनाल नदी के पुल पर अचानक ब्रेक लगा दिया। पीछे चल रहा रामपुर के कांवड़ियों का ट्रैक्टर पुल से नीचे लटक गया।
शिव भक्तों में चीखपुकार मच गई। हालांकि बड़ा हादसा होने से टल गया। सिर्फ ट्रैक्टर ही लटका। ट्राली सड़क पर रही, इसलिए सभी सकुशल बच गए। मंडावली पुलिस ने नजीबाबाद से हाइड्रा मंगवाकर ट्रैक्टर सड़क पर पहुंचाया।
ट्रैक्टर चालक हेमराज पुत्र मेघराज सिंह निवासी चंद्रपुरा थाना टांडा जनपद रामपुर ने बताया कि रविवार रात ढाई बजे ट्रैक्टर ट्राली में करीब 20 शिव भक्त गंगाजल लेने हरिद्वार जा रहे थे। ट्रैक्टर ने अचानक ब्रेक लगाने से नियंत्रित होकर पुल की रेलिंग तोड़कर पुल से लटक गया। पुलिस प्रशासन ने हाइड्रा मंगाकर ट्रैक्टर को सुरक्षित निकाला है । मंडावली थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार ने बताया कि कोई घायल नहीं हुआ। सभी शिव भक्त जल लेने के लिए से चले गए हैं।
एसडीएम व सीओ ने देखा कांवड़ यात्रा मार्ग, हटवाया अतिक्रमण
एसडीएम और सीओ ने कावड़ यात्रा मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस ने कोतवाली देहात कस्बे से अतिक्रमण हटवाया। एसडीएम नगीना विजय शंकर और सीओ नगीना अंजनी कुमार चतुर्वेदी ने रविवार को कांवड़ यात्रा मार्ग का निरीक्षण किया । इसके बाद थानाध्यक्ष प्रवेज तोमर के नेतृत्व में नजीबाबाद व नहटौर मार्ग, कस्बा कोतवाली देहात से गांव पित्तनहेड़ी तक दुकानदारों के बोर्ड, रेत-बजरी, दुकानदारों द्वारा सड़क के पास रखे सामान को हटवाया गया। थानाध्यक्ष ने सभी दुकानदार को अतिक्रमण न करने के निर्देश दिए। इस दौरान अनिल राणा, दीपक कुमार, सौरभ कुमार आदि समेत पुलिस फोर्स मौजूद रही।