विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रामनगर-देहरादून व देहरादून-रामनगर एक्सप्रेस का नियमित संचालन शुरू, काठगोदाम-देहरादून ट्रेन के संचालन दिवस बदले

By Anuj Kumar Sharma Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Wed, 22 Jul 2026 06:02 AM (IST)

रेलवे ने काठगोदाम-देहरादून जनशताब्दी के संचालन दिवसों में 3 अगस्त 2026 से संशोधन किया है। रामनगर-देहरादून व देहरादून-रामनगर एक्सप्रेस का नियमित संचालन शुरू हो गया है।

प्रतीकात्‍मक फोटो

प्रतीकात्‍मक फोटो

HighLights

  1. पांच अगस्त से चलेगी रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस ट्रेन।

  2. यात्रियों को बेहतर व सुविधाजनक रेल सेवा मिलने की आस।

संवाद सहयोगी, नजीबाबाद (ब‍िजनौर)। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल ने पांच अगस्त से गाड़ी संख्या-15310/15309 रामनगर-देहरादून और देहरादून-रामनगर एक्सप्रेस ट्रेन का नियमित संचालन शुरू करने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन प्रत्येक बुधवार और शुक्रवार को दोनों दिशाओं में संचालित होगी। ट्रेन में वातानुकूलित (एसी), स्लीपर तथा सामान्य (जनरल) श्रेणी के कोच उपलब्ध रहेंगे।

उत्तर रेलवे मुरादाबाद मंडल मुरादाबाद की ओर से जारी समय-सारिणी के अनुसार गाड़ी संख्या-15310 रामनगर से सुबह 05:50 बजे प्रस्थान कर काशीपुर, मुरादाबाद, नजीबाबाद और हरिद्वार होते हुए दोपहर 12:40 बजे देहरादून पहुंचेगी। नजीबाबाद में इसके पहुंचने का समय सुबह 09:39 बजे रहेगा और दो मिनट ठहराव के बाद 09:41 बजे रवाना हो जाएगी।

वहीं वापसी में गाड़ी संख्या 15309 देहरादून से दोपहर 3:55 बजे रवाना होकर हरिद्वार, नजीबाबाद, मुरादाबाद और काशीपुर के रास्ते रात 11:30 बजे रामनगर पहुंचेगी। यह नजीबाबाद रेलवे स्टेशन पर शाम 06:26 बजे आएगी, जबकि 06:28 बजे रवाना हो जाएगी।

उत्तर रेलवे मुरादाबाद मंडल मुरादाबाद के वरिष्ठ मंडल प्रबंधक महेश यादव के अनुसार गाड़ी संख्या-12092/12091 काठगोदाम-देहरादून-काठगोदाम के संचालन दिवसों में भी संशोधन किया है। तीन अगस्त 2026 से यह ट्रेन अब सोमवार, मंगलवार, गुरूवार, शनिवार और रविवार को संचालित होगी। पहले इसका संचालन मंगलवार, बुधवार, शुक्रवार, शनिवार और रविवार को होता था।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने बताया कि नई व्यवस्था का उद्देश्य यात्रियों को बेहतर और अधिक सुविधाजनक रेल सेवा उपलब्ध कराना है। यात्रियों से यात्रा से पहले संशोधित समय-सारिणी की जानकारी प्राप्त करने की अपील की गई है।