12 बंदरों की मौत, खेत में पड़े मिले शव; विषाक्त खाद्य पदार्थ खिलाने की आशंका
बुलंदशहर के सुनाई गांव में एक खेत में 12 मृत बंदर पाए गए, जिससे हड़कंप मच गया। आशंका है कि विषाक्त पदार्थ खाने से उनकी मौत हुई है। गौ रक्षा सेवा समिति ...और पढ़ें

बंदर के शव की जांच करते पशु चिकित्सक। जागरण
HighLights
बुलंदशहर के सुनाई गांव में खेत में 12 मृत बंदर मिले।
विषाक्त पदार्थ खाने से बंदरों की मौत की आशंका।
प्रशासनिक अधिकारियों का मामले की जांच का आश्वासन।
संवाद सूत्र, जागरण. अनूपशहर (बुलंदशहर)। बुलंदशहर मार्ग पर गांव सुनाई में भट्ठा के निकट खेत में 12 बंदर मृत मिले। विषाक्त पदार्थ खाने से बंदरों की मौत होने की आशंका है। शनिवार की दोपहर सुनाई भट्टा के निकट एक खेत में चारों ओर बंदरों से शव मिलने से सनसनी फैल गई।
बंदरों की मौत की खबर सुनते ही हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंचकर रोष प्रकट किया। गौ रक्षा सेवा समिति के संयोजक ज्ञानेंद्र सिंह राघव ने प्रशासनिक अधिकारी व वन विभाग को घटना की सूचना दी। सूचना पर तहसीलदार संजय कुमार, कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र कुमार शर्मा, वन दारोगा रोहन व रईस अली तथा पशु चिकित्सक डा. नगेन्द्र सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचकर बंदरों के शवों को एकत्रित कर अपने-अपने स्तर से जांच प्रारंभ की।
चिकित्सक डा. नगेन्द्र सिंह, देवेंद्र सिंह ने मृत बंदरों का पोस्टमार्टम के दौरान बंदरों का ब्लड तथा दो शवों का बिसरा सेंपल लेकर वहीं खेत में अंतिम संस्कार कर दिया है। बंदरों की मृत्यु विषाक्त खाद्य पदार्थ का सेवन करने करने मानी जा रही है। ज्ञानेंद्र सिंह राघव ने आरोप लगाया कि असामाजिक तत्वों पर बंदरों को विषाक्त खाद्य पदार्थ खिलाने का आरोप लगाया। तहसीलदार संजय कुमार ने हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ताओं व ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि सभी विभाग अपने-अपने स्तर से घटना की जांच कर साक्ष्य जुटा रहे हैं।