कम नींद और मोटापा कर रहे हड्डियों को खोखला, रात को देर से सोना बंद करना जरूरी; शिविर में वैद्य ने किया लोगों को जागरूक
बुलंदशहर में 11वें राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस पर आयोजित शिविर में वैद्य हितेश कौशिक ने बताया कि देर से सोने और ...और पढ़ें

(Picture Courtesy: Freepik)
HighLights
वैद्य ने देर से सोने और मोटापे को हड्डियों की कमजोरी का कारण बताया।
बुलंदशहर में आयोजित शिविर में 48 में से 40 लोगों की हड्डियों मे डेंनसिटी कम मिली।
जागरण संवाददाता, बुलंदशहर। रात को देर से सोने एवं कम सोने से शरीर में वायु बढ़ जाती है एवं वायु के बढ़ने से हड्डियां खोखली होकर कमजोर जाती हैं। इसकी वजह से हड्डियों में दर्द भी रात को ही अधिक होता है। यह विचार ग्यारहवें राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के उपलक्ष्य में शहर के यमुनापुरम स्थित समता आयुर्वेदिक सेंटर पर क्षारसूत्र एवं पंचकर्म चिकित्सा विशेषज्ञ वैद्य हितेश कौशिक ने व्यक्त किए।

शिविर में परामर्श देते क्षारसूत्र एवं पंचकर्म चिकित्सा विशेषज्ञ वैद्य हितेश कौशिक।
रात को देर से सोने एवं कम सोने से शरीर में बढ़ जाती है वायु
सेंटर पर सोमवार को निश्शुल्क आयुर्वेद चिकित्सा परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। इसमें विशेषज्ञ हितेश कौशिक ने उपस्थित लोगों को बताया कि रात को देर से सोने से अथवा कम सोने से शरीर में वायु बढ जाती है जिससे हड्डियां खोखली होकर कमजोर हो जाती हैं।
इसके कारण हड्डियों में दर्द भी रात को ही अधिक होता है। इससे पाचन सही नहीं होने से शरीर का वजन भी बढ जाता है। शरीर का वजन अधिक होने से भी हड्डियों को पर्याप्त मात्रा में पोषण नहीं मिल पाता है। इसलिए मोटापे के कारण भी हड्डियां कमजोर हो जाती हैं।
यह रखें ध्यान
उन्होंने बताया कि हड्डियों को मजबूत रखने को निश्चित समय पर सोना चाहिए। वर्तमान दौर के अनुसार रात को 10 बजे के आसपास सो जाएं और कम से कम 7 से 8 घंटे की नींद जरूर लें। सोने से कम से कम एक घंटा पहले मोबाइल, टीवी और लैपटॉप का उपयोग बंद कर देना चाहिए। सोने वाला कमरा अंधेरा, शांत और उचित तापमान वाला होना चाहिए। देर शाम या रात को चाय या कॉफी का सेवन नहीं करना चाहिए। ये अच्छी नींद में बाधक हैं।
कैल्शियम युक्त भोजन करें
कैल्शियम युक्त भोजन जैसे दूध, दही, पनीर, तिल, हरी पत्तेदार सब्जियां लें। विटामिन D का सेवन उपायोगी होता है। इसके लिए सुबह 15-20 मिनट की हल्की धूप अच्छी रहती है। शरीर में विटामिन D की कमी होने पर डॉक्टर की सलाह पर ही दवा लें। रोजाना पैदल चलना, योग और प्राणायाम करने से हड्डियों और मांसपेशियों में लचीलापन आता है और तनाव दूर होकर नींद अच्छी आती है। लंबे समय से नींद की कमी और हड्डियों के दर्द से परेशान होने पर डॉक्टर की सलाह जरूर लें।
उधर, शिविर में कुल 48 लोगों का बोन मिनरल डेनसिटी टेस्ट हुआ, जिसमें 40 लोगों की हड्डियों मे डेंनसिटी आवश्यकता से कम पाई गई। जिनको औषधि वितरण किया गया। शिविर में हड्डियों की परेशानियों को लेकर लोगों को जागरूक किया गया। आयोजन में प्रवेक कल्प का विशेष सहयोग रहा। शिविर की व्यवस्था में दक्ष कौशिक, वैभव शुक्ला, आशुतोष का सहयोग रहा।
