Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    अनूपशहर विधानसभा क्षेत्र: विधायक का 500 करोड़ के विकास कार्यों का दावा, लेकिन कई समस्याओं का नहीं हुआ समाधान

    By Ashwani Bhardwaj Edited By: Praveen Vashishtha
    Updated: Tue, 28 Jul 2026 07:05 PM (IST)

    Uttar Pradesh MLA Report Card: विधायक संजय शर्मा ने अनूपशहर विधानसभा क्षेत्र में 500 करोड़ के विकास कार्यों का दावा किया है,  हालांकि क्षेत्र की कई सम ...और पढ़ें

    अनूपशहर विधानसभा क्षेत्र

    अनूपशहर विधानसभा क्षेत्र

    HighLights

    1. सड़कों का चौड़ीकरण, सहकारी नगर औद्योगिक क्षेत्र घोषित होने आदि कार्य हुए

    2. अनूपशहर में आजादी के बाद से एक भी अर्द्ध सरकारी या सरकारी इंटर कालेज नहीं खुला

    संवाद सहयोगी,अनूपशहर (बुलंदशहर)। वर्ष 2022 में हुए अनूपशहर विधानसभा चुनाव में भाजपा की टिकट से विधायक संजय शर्मा ने दूसरी बार चुनाव जीता। उन्होंने अपने दूसरे कार्यकाल में विकास कार्यों के लिए प्रयास किए हैं और विधानसभा क्षेत्र में पांच सौ करोड़ रुपए के विकास कार्य करने का दावा किया है। हालांकि, जनता की समस्याएं अभी भी बनी हुई हैं।

    दूसरे कार्यकाल के दौरान विधायक ने सड़कों के निर्माण पर ध्यान दिया है, लेकिन क्षेत्र में युवाओं और खिलाड़ियों के लिए स्टेडियम निर्माण, चीनी मिल की पेराई क्षमता बढ़ाने, औरंगाबाद में जल निकासी, और जहांगीराबाद में रोडवेज बस अड्डा जैसी समस्याएं गंभीर बनी हुई हैं। अनूपशहर विधानसभा क्षेत्र में अनूपशहर, जहांगीराबाद और औरंगाबाद तीन नगर निकाय हैं।

    ऊंचा गांव जाने वाली नहर की पटरी की सड़क काफी खराब है, जिसे सुधारने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं। अनूपशहर में आजादी के बाद से एक भी अर्द्ध सरकारी या सरकारी इंटर कालेज नहीं खोला गया है, जिससे विद्यार्थियों को प्रवेश के दौरान कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। अनूपशहर बाईपास पर नई कालोनियां बन गई हैं, लेकिन उनके पानी की निकासी पुराने नाले में हो रही है, जिससे बरसात के दौरान मुहल्ला मोरी गेट के घरों में पानी भर जाता है।

    रोडवेज बस अड्डा बनने के बाद भी शाम छह बजे के बाद बुलंदशहर या अलीगढ़ के लिए कोई आवागमन की व्यवस्था नहीं है, जिससे यात्रियों को भटकना पड़ता है। दिल्ली-बदायूं चल रही रोडवेज की कुछ बसों को अनूपशहर होकर निकालने की मांग को नजरअंदाज किया गया है। जहांगीराबाद नगर में रोडवेज बस अड्डा नहीं बन सका है, जिससे आमजन को यातायात के साधनों के लिए कठिनाई होती है।

    खबरें और भी

    किसान सहकारी चीनी मिल की पेराई क्षमता विकसित नहीं की गई है, जिससे 1977 में बनी चीनी मिल की मशीनें खराब होने लगी हैं। औरंगाबाद नगर में पानी की निकासी न होने के कारण बरसात और अन्य दिनों में सड़कों पर गंदा पानी भरा रहता है, जिससे राहगीरों को दिक्कत होती है।

    विधायक ने गिनाईं उपलब्धियां

    विधायक संजय शर्मा ने अनूपशहर विधानसभा क्षेत्र में लगभग 500 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की जानकारी दी। इनमें जिला मुख्यालय से जोड़ने वाली सड़कों का चौड़ीकरण, शिकारपुर अनूपशहर मार्ग का चौड़ीकरण और तीन नए कस्तूरबा बालिका इंटर कालेज शामिल हैं। सहकारी नगर को औद्योगिक क्षेत्र घोषित किया गया है।

    उन्होंने कहा कि चीनी मिल को 10 करोड़ रुपए से उच्चीकृत किया गया, जिससे यह देश की सरकारी चीनी मिलों में सबसे अधिक पेराई वाली बन गई है। विद्युतीकरण का कार्य बड़े पैमाने पर किया गया है और विद्युत उपकेंद्रों की क्षमता बढ़ाई गई है। सहकारी नगर आईटीआई का आधुनिकीकरण कर टाटा ग्रुप से जोड़ा गया है, जिससे युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर खुलेंगे।

    पूर्व प्रत्याशी ने बताईं समस्याएं

    अनूपशहर विधानसभा क्षेत्र से एनसीपी के पूर्व प्रत्याशी केके शर्मा ने कहा कि इस क्षेत्र में पिछले 10 वर्षों से सरकारी इंटर कालेज और स्नातक कालेज का निर्माण नहीं हुआ है। 100 बेड का कोई सरकारी अस्पताल नहीं है और जहांगीराबाद में रोडवेज बस स्टैंड का अभाव है। चीनी मिल का कोई विस्तार नहीं हुआ है, जिससे किसान खाद और बीज के लिए परेशान हैं। दिल्ली जाने के लिए रेल मार्ग का निर्माण भी नहीं किया गया है। क्षेत्र में लो वोल्टेज की समस्या बनी हुई है, जिसके कारण निवासियों को बिजली की कमी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने सैनिक स्कूल खोलने की मांग की।

    इन्होंने कहा

    विधायक संजय शर्मा ने क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए कई कार्य किए हैं। अनूपशहर नगर उनकी कर्म भूमि होने के कारण लोगों को विकास कार्य कम लगते हैं, जबकि उनके कार्यकाल में पर्याप्त विकास कार्य संपन्न हुए हैं।
    -अभय गुप्ता, बुक सेलर।

    अनूपशहर नगर में विधायक ने केवल रोडवेज बस स्टैंड की स्थापना की है। सत्ता दल के विधायक होने के बावजूद जनता को अपेक्षित विकास कार्य नहीं मिले हैं, जिससे स्थानीय लोगों में निराशा व्याप्त है।
    -ओम दत्त वार्ष्णेय, व्यापारी अनूपशहर

    अनूपशहर से आहार रोड पर वर्षा काल में सड़क पर पानी भर जाता है, जिससे एक दर्जन गांवों के लोगों को कठिनाई होती है। पिछले 3 वर्षों से यह समस्या बनी हुई है और पानी की निकासी की कोई व्यवस्था नहीं की गई है।
    -लाल सिंह लोधी, गांव तोरई।

    विधायक ने अनूपशहर नगर की ओर ध्यान नहीं दिया है और हमेशा जहांगीराबाद के हित में रहते हैं। अनूपशहर विधानसभा क्षेत्र का मुख्यालय है, जबकि गंगा किनारे पर्यटन की असीम संभावनाएं हैं, किंतु इस दिशा में कोई कार्य नहीं किया है।
    -मोहन पंडित, घाट संचालक।