बिजली बोर्ड के साकेट में तीन वर्ष के मासूम ने डाल दी अंगुली, करंट से मौत... बचाने के प्रयास में मां को भी लगा झटका
बुलंदशहर में बिजली के झटकों से दो अलग-अलग हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई। सिकंदराबाद में तीन साल के मासूम की सॉकेट में उंगली डालने से मौत हुई, वहीं ...और पढ़ें

रहमान। (फाइल फोटो)
HighLights
सिकंदराबाद में तीन साल के मासूम की करंट लगने से मौत।
खुर्जा में हाईटेंशन लाइन से किशोर और दादा की जान गई।
बिजली निगम ने हाईटेंशन लाइन से दूरी बनाए रखने की सलाह।
संवाद सहयोगी, सिकंदराबाद (बुलंदशहर)। बिजली बोर्ड के साकेट में अंगुली डालने से करंट की चपेट में आए तीन वर्षीय मासूम की मौत हो गई। मुहल्ला जमाईपुरा निवासी गोसी मोहम्मद टायर पंक्चर लगाने का कार्य करता है। शनिवार की सुबह करीब नौ बजे उसकी पत्नी रेशमा वाशिंग मशीन में कपड़े धो रही थी। दो बच्चे स्कूल गए थे, तीन वर्षीय पुत्र रहमान सो रहा था। वह जगने के बाद वाशिंग मशीन के पास पहुंच गया और साकेट में अंगुली डाल दी, जिससे रहमान को करंट लग गया।
आवाज सुनकर रेशमा ने छुड़ाने प्रयास किया तो उसे भी करंट लग गया। शोर मचने पर पहुंचे पड़ोसियों ने बच्चे को छुड़ाया। गोसी भी घर पहुंच गया। झुलसे मासूम को दीक्षित हास्पिटल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। खुर्जा गेट चौकी प्रभारी मुनेश पाल ने हादसे की जानकारी होने से इन्कार किया है।
हाईटेंशन लाइन की चपेट में आए किशोर अहद ने भी इलाज के दौरान अस्पताल में दम तोड़ा
खुर्जा : मोहल्ला बुर्ज उस्मान में शुक्रवार को हाईटेंशन लाइन की चपेट में आए किशोर अहद ने भी इलाज के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया। इससे पहले पोते अहद को बचाने पहुंचे उसके दादा की गुरुवार को ही मौत हो गई थी। स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है।
शुक्रवार सुबह 12 वर्षीय अहद घर की छत पर पतंग उड़ा रहा था। उसकी पतंग घर के बाहर से गुजर रही 11 हजार केवी क्षमता की विद्युत लाइन में अटक गई। पतंग को उतारने के लिए अहद ने लोहे का पाइप इस्तेमाल किया, जैसे ही बिजली के तार से टच हुआ तो वह करंट की चपेट में आया। साथ ही धमाके की आवाज सुनकर दादा 65 वर्षीय इसरार छत पर गए, जब उन्होंने अहद के हाथों से लोहे की रोड को हटने की कोशिश की तो करंट की चपेट में आ गए।
खबरें और भी
दोनों घायलों को स्वजन अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने इसरार को मृत घोषित कर दिया और अहद को गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर कर दिया। सूचना पर पुलिस और ऊर्जा निगम के कर्मचारी भी अस्पताल पहुंचे एवं जांच पड़ताल की। गंभीर रूप से झुलसे अहद को स्वजन दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल लेकर पहुंचे। बताया गया कि अस्पताल में अहद की भी मौत हो गई।
हादसे का वीडियो प्रसारित
दर्दनाक हादसे का एक वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। इसमें अहद लोहे की रोड, जो हाइटेंशन लाइन से टच हो रही है, उसके साथ दीवार पर अहद झुका हुआ दिख रहा है और धुआं भी उठ रहा है। बचाने के प्रयास में दादा भी गिरते हुए नजर आ रहे हैं। पुलिस और ऊर्जा निगम मामले की जांच में जुटा हैं। वहीं, ऊर्जा निगम के अफसर लोगों को हाइटेंशन लाइन से उचित दूरी बनाए रखने की सलाह भी दे रहे हैं। ताकि करंट की चपेट में लोग न आए और इस तरह के हादसों को रोका जा सके।