खाद माफिया पर कसा NSA के तहत शिकंजा, जेल में थमाया गया नोटिस, अन्य अभियुक्तों पर भी गिरेगी गाज
बुलंदशहर के अनूपशहर में खाद माफिया मोहम्मद हारुन पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के तहत कार्रवाई की गई है। उसे जिला कारागार में नोटिस थमाया गया, जबकि ...और पढ़ें

(प्रतीकात्मक फोटो)
HighLights
खाद माफिया हारुन पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत कार्रवाई।
अनूपशहर में 1575 बोरी यूरिया कालाबाजारी करते जब्त।
जिला कारागार में हारुन को एनएसए का नोटिस थमाया।
संवाद सूत्र, जागरण. अनूपशहर (बुलंदशहर)। खाद माफिया मौ. हारुन पर जिलाधिकारी के निर्देश पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत कार्रवाई की गई है। आरोपित को जिला कारागार में बंदी के दौरान नोटिस दिया गया। अन्य अभियुक्तों पर भी एनएसए की कार्रवाई की जा रही है।
10 मई को अनूपशहर गंगा पुल पर जिला कृषि अधिकारी आरके यादव ने तीन ट्रक में भरकर ले जाए जा रहे इफ्को कंपनी के यूरिया भरे 1575 बैग पुलिस की मदद से बरामद किए थे। जिसमें मौके पर ही खाद की कालाबाजारी को ले जा रहे खाद तस्कर मौ. हारुन पुत्र सोहराब अहमद निवासी गांव हमीरपुर थाना टांडा जिला रामपुर तथा तीन ट्रकों के चालक को मौके पर हिरासत में ले लिया था।
जिला कृषि अधिकारी द्वारा मौ. हारून, असलम, शेरअली, सौपाल सिंह, पीसीएफ के जिला प्रबंधक, पीसीएफ कर्मचारी हरेन्द्र पाल सिंह, यश राघव, भंडार नायक रामेन्द्र सहित आठ लोगों के नाम अनूपशहर कोतवाली में मुकदमा पंजीकृत कराया था। पुलिस जांच के दौरान दो अन्य लोगों के नाम भी संज्ञान में आने पर पुलिस ने दोनों ट्रांसपोर्टरों को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। उक्त मामले में पुलिस की लगातार छापेमारी से आठ लोग गिरफ्तार कर जेल भेजे जा चुके हैं।
पीसीएफ के दो कर्मचारी यश राघव व हरेन्द्र पाल सिंह, जो की सगे भाई भी हैं, अभी पुलिस की पकड़ से दूर है। पुलिस लगातार गिरफ्तार करने का प्रयास कर रही है। किंतु वे अपनी ऊंची पहुंच के चलते बचने का प्रयास कर रहे हैं। किंतु मामला हाई प्रोफाइल होने के साथ मुख्यमंत्री के संज्ञान में है। अति शीघ्र वे भी गिरफ्तार कर लिए जाएंगे। जिलाधिकारी बुलंदशहर के निर्देश पर अनूपशहर पुलिस द्वारा 23 मई को हारून के विरुद्ध एनएसए की धारा 3(2) की कार्रवाई करते हुए जिला कारागार में बंद हारून को नोटिस तामील कराया गया है। शेष अन्य अभियुक्तों के विरुद्ध भी एनएसए की कार्रवाई की जाएगी। यह जानकारी पुलिस उपाधीक्षक विकास प्रताप सिंह चौहान ने दी।