बुलंदशहर के कब्रिस्तान में गौवंश के अवशेष मिलने पर हंगामा, कोतवाल लाइन हाजिर; दारोगा और सिपाही सस्पेंड
बुलंदशहर के चोला थाना क्षेत्र में एक कब्रिस्तान में गौवंशी अवशेष मिलने के बाद हिंदूवादी संगठनों ने जमकर हंगामा किया। ...और पढ़ें

कब्रिस्तान में गौवंशी अवशेष मिलने पर हंगामा।
HighLights
बुलंदशहर के कब्रिस्तान में मिले गौवंशी अवशेष, मचा हंगामा।
हिंदूवादी संगठनों ने की आरोपियों की गिरफ्तारी और बुलडोजर कार्रवाई की मांग।
थाना प्रभारी समेत तीन पुलिसकर्मी निलंबित, छह टीमें गठित।
संवाद सूत्र, ककोड़। कब्रिस्तान में गौवंशी अवशेष मिलने से नाराज हिंदूवादी संगठनों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने लगभग दो घंटे तक जमकर हंगामा किया। कार्यकर्ताओं ने आरोपितों के मकानों पर बुलडोजर कार्रवाई के साथ शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की।
उच्चाधिकारियों ने मौके पर पहुंच आक्रोशित ग्रामीण एवं कार्यकर्ताओं को आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी का आश्वासन एवं समझा-बुझाकर मामले को शांत कराया। पुलिस ने मौके से पशु कटान के उपकरण व बाइक बरामद करते हुए चार नामजद सहित पांच के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
साथ ही पुलिस ने पूछताछ के लिए कई लोगों को हिरासत में लिया है। इधर एसएसपी ने थाना कोतवाली प्रभारी निरीक्षक को लाइन हाजिर और संबंधित दारोगा व बीट कांस्टेबल को निलंबित कर दिया है।
चोला थाना क्षेत्र के गांव सबदलपुर के निकट सुतारी गांव के कब्रिस्तान हैं। शनिवार की देर रात लगभग दो बजे कब्रिस्तान में दो गौवंशी के अवशेष मिलने की सूचना पर हिंदू रक्षा दल, विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को मिली। जिसके बाद बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एकत्र हो मौके पर पहुंचे और हंगामा करना शुरू कर दिया।
हंगामा की सूचना पर एसपी सिटी अभिषेक प्रताप अजेय, सीओ सिकंदराबाद दीपक तिवारी चोला थाना पुलिस के अलावा कोतवाली देहात, सिकंदराबाद, खुर्जा देहात, ककोड़ और जहांगीरपुर थाना पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और आक्रोशित ग्रामीण एवं कार्यकर्ताओं को वार्ता की।
दो घंटे तक चले हंगामे के बाद ग्रामीण एवं कार्यकर्ता शांत हुए। कार्यकर्ता एवं ग्रामीणों ने आरोपितों के मकानों पर बुलडोजर कार्रवाई के साथ शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की।
इसके बाद मौके पर पहुंचे पशु चिकित्सक ने अवशेष का सैंपल लेकर जांच को सरकारी प्रयोगशाला जांच को भेजने के बाद पुलिस ने जेसीबी से अवशेषों को खाली जगह में गड्ढे में दबाया।
सीओ सिकंदराबाद दीपक तिवारी ने बताया कि आरोपितों की पहचान मुकीम, आरिफ, राशिद, अमीखा और एक अज्ञात के रुप में हुई है। सभी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है तथा उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छह टीमें लगी हैं। जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर मामले का राजफाश कर दिया जाएगा।
दिग्विजय नाथ शाही बने चोला कोतवाल
एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि कब्रिस्तान में गौवंशी अवशेष मिलने के मामले में प्रथम दृष्टया थाना पुलिस की लापरवाही सामने आयी है। इसी के चलते चोला थाना प्रभारी बलराम सिंह को लाइन हाजिर और संबंधित सर्किल पर तैनात दारोगा राहुल कुमार और बीट कांस्टेबल धर्मेंद्र कुमार को निलंबित कर दिया गया है।
एसएसपी ने बताया कि कोतवाली देहात में तैनात अतिरिक्त निरीक्षक दिग्विजय नाथ शाही को चोला थाने का नया प्रभारी निरीक्षक नियुक्त किया गया है।
