विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बुलंदशहर में विधायक के नेतृत्व में निकली किसान सम्मान संकल्प रैली, सैकड़ों ट्रैक्टरों के साथ उमड़े किसान

Published: Wed, 28 Oct 2026 09:36 PM (IST)

सदर विधायक प्रदीप कुमार चौधरी के नेतृत्व में बुलंदशहर में किसान सम्मान संकल्प ट्रैक्टर रैली निकाली गई, जिसमें सैकड़ों ट्रैक्टरों पर हजारों किसानों ने भाग लिया।

News Article Hero Image

जागरण संवाददाता, बुलंदशहर। सदर विधायक प्रदीप कुमार चौधरी के नेतृत्व में बुधवार को अन्नदाता किसान सम्मान संकल्प ट्रैक्टर रैली निकाली गई। सैकड़ों ट्रैक्टरों पर सवार हजारों किसानों ने इसमें भाग लिया। जगह-जगह पुष्प वर्षा कर रैली का स्वागत किया गया।

गंगानगर स्थित पार्क से रैली को आजाद हिंद फौज के सिपाही रहे 103 वर्षीय स्वतंत्रता सेनानी महावीर सिंह और विधायक प्रदीप कुमार चौधरी ने बुजुर्ग किसानों व पूर्व सैनिकों के साथ झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर शंखनाद भी किया गया।

विधायक ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को कलयुग का हनुमान बताते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में प्रदेश में भाजपा सरकार चल रही है। उन्होंने कहा कि 2014 से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और 2017 से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार है।

उनके अनुसार, पिछले नौ साल में किसानों और जनता के लिए भरपूर काम हुए हैं। किसान सम्मान निधि और पांच लाख रुपये का किसान बीमा किसान हित के कार्य हैं। उन्होंने कहा कि नौ लाख युवाओं को नौकरी दी गई है और 2027 में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा फिर पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगी।

सपा के खिलाफ लगाए गए पोस्टर पर विधायक ने कहा कि सपा सरकार में गुंडई और माफियागिरी थी तथा बहन-बेटियां सुरक्षित नहीं थीं। उन्होंने कहा कि 2022 में सपा सत्ता से बाहर हुई और 2027 में सपा बेकार होगी। विधायक ने ट्रैक्टर की ड्राइविंग सीट संभालकर रैली का नेतृत्व किया।

उन्होंने भूड़ चौराहे पर चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। रैली कालाआम चौराहा, लल्ला बाबू चौराहा, अंसारी रोड, बूरा बाजार और स्याना रोड से गुजरी। स्याना रोड पर बाबूजी कल्याण सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद यह धमैड़ा अड्डा, ततारपुर, गड़िया चौराहा, अगौता, अकबरपुर रैना और जमालपुर होते हुए भैंसरौली पहुंची, जहां जनसभा के साथ इसका समापन हुआ।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।