पत्नी अपने पूर्व पति के साथ गई तो युवक ने फांसी लगा जान दे दी, स्वजन ने लगाए मारपीट व ब्लैकमेलिंग के आरोप
बुलंदशहर में एक युवक ने अपनी पत्नी के पूर्व पति के साथ चले जाने से क्षुब्ध होकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने पत्नी, उसके पूर्व पति और शादी ...और पढ़ें

गांव नरेंद्रपुर में घटना के बाद मौके पर एकत्र ग्रामीण। सौ. ग्रामीण
HighLights
पत्नी के पूर्व पति संग जाने से युवक ने की आत्महत्या।
परिजनों ने मारपीट, ब्लैकमेलिंग का आरोप लगाया।
पुलिस मामले की जांच में जुटी, शव पोस्टमार्टम को भेजा।
संवाद सूत्र, ऊंचागांव (बुलंदशहर)। क्षेत्र के एक गांव में पत्नी पूर्व पति के साथ चली गई तो क्षुब्ध हो दूसरे पति ने घर में फांसी के फंदे पर लटक कर मौत को गले लगा लिया। पत्नी, उसके पूर्व पति और शादी कराने वाले बिचौलिया पर दूसरे पति से मारपीट करने का आरोप लगा है। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर जांच कर शव पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी भेजा है।
थाना नरसेना क्षेत्र के गांव नरेंद्रपुर निवासी 25 वर्षीय केशव पुत्र सोहनपाल गांव दौलतपुर कला में किराये पर रहकर टाइल्स व पत्थर लगाता था। केशव के छोटे भाई कौशल ने बताया कि करीब दो माह पहले दौलतपुर कलां निवासी एक व्यक्ति द्वारा उसके भाई की शादी खानपुर के एक गांव निवासी महिला से करा दी गई थी। इससे पहले भी महिला के दो विवाह हो चुके थे और उसके साथ दो बच्चे भी थे। विवाह कराने वाले युवक का उनके घर आना-जाना लगा रहता था। कुछ दिनों बाद ही महिला ने गांव से अलग रहने की मांग कर दी, जिसके बाद केशव गांव दौलतपुर कलां में ही एक कमरा किराये पर लेकर रहने लगा था।
आरोप है कि गुरुवार शाम महिला का पूर्व पति बिचौलिया को लेकर दौलतपुर कलां पहुंच गया। इस दौरान केशव के साथ मारपीट की गई और पत्नी पूर्व पति के साथ चली गई। केशव ने अपने साथ हुई मारपीट और पत्नी के चले जाने की सूचना फोन पर अपने चाचा को दी गई। आरोप है कि उसने आरोपितों से अपनी जान को खतरा भी बताया था। देर रात स्वजन दौलतपुर कलां पहुंचे और घायल अवस्था में उसे लेकर घर आए। उसके सिर में चोट लगी थी। स्वजन ने एक निजी चिकित्सक से उसे दवाई दिलाई। गुरुवार की रात केशव ने घर में खाना खाया और कमरे में सोने चला गया।
शुक्रवार सुबह काफी देर होने के बाद भी वह कमरे से बाहर नहीं निकला तो स्वजन ने अंदर जाकर देखा तो केशव का शव छत के हुक से फंदे पर लटका मिला। जिससे स्वजन में कोहराम मच गया। बहन मुनेश ने बताया कि उसके भाई की पत्नी ने पूर्व पति के साथ अपनी इच्छा से जाने का वीडियो बनाकर भी भेजा था। स्वजन ने केशव की मौत का जिम्मेदार शादी कराने वाले बिचौलिया, पूर्व पति और पत्नी को ठहराया है। परिजनों ने तीनों आरोपितों पर ब्लैकमेलिंग करने का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है। इस संबंध में थाना प्रभारी रामकिशोर गौतम ने बताया कि युवक ने पत्नी के जाने से क्षुब्ध हो फांसी लगाकर आत्महत्या की है। मामले की जांच की जा रही है।