पतंग उतारते हुए हाइटेंशन लाइन के करंट की चपेट में आया पोता, बचाने गए दादा की मौत
बुलंदशहर में पतंग उतारते समय 11 हजार केवी हाइटेंशन लाइन की चपेट में आए पोते को बचाने गए दादा की करंट लगने से मौत हो गई। पोता गंभीर हालत में दिल्ली के ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
मकान के बाहर से गुजर रही हाइटेंशन की लाइन।
गंभीर रूप से झुलसे पोते का दिल्ली में इलाज जारी।
संवाद सहयाेगी, खुर्जा (बुलंदशहर)। खुर्जा कोतवाली क्षेत्र के बुर्ज उस्मान मुहल्ले में मकान के बाहर से गुजर रही 11 हजार केवी हाइटेंशन की विद्युत लाइन से अटकी पतंग को लोहे के पाइप से उतारते हुए पोता करंट के चपेट में आ गया। पोते को बचाने गए दादा भी करंट की चपेट में आ गए और उनकी मौत हो गई। वही करंट की चपेट में आए पाेते की हालत गंभीर है, उसका उपचार चल रहा है।
नगर के मुहल्ला बुर्ज उस्मान निवासी अबरार पुत्र इसरार पाटरी में मजदूरी करता है। अबरार के तीन बच्चे अहद, अमायरा व हारिस हैं। अहद सबसे बड़ा पुत्र हैं। तीनों बच्चे मुहल्ले के प्राइमरी स्कूल में पढ़ते हैं। अहद कक्षा तीन में पढ़ता है। बरसात के चलते शुक्रवार को स्कूलों में अवकाश था। इसी के चलते सुबह 11.30 बजे 12 वर्षीय अहद मकान की छत पर अकेला पतंग उड़ा रहा था।
मकान में नीचे दादा व अन्य परिजन बैठे हुए थे। अबरार पाटरी में मजदूरी करने गया था। तभी अहद की पतंग मकान के बाहर से गुजर रही 11 हजार केवी क्षमता की विद्युत लाइन में अटक गई। पतंग को उतारने के लिए अहद ने लोहे का पाइप इस्तेमाल किया, जैसे ही पाइप बिजली के तार से स्पर्श हुआ, तो उससे तेज धमाका हुआ और अहद करंट में चपेट में आ गया।
धमाके की आवाज सुनकर मकान में नीचे बैठे दादा 65 वर्षीय इसरार छत भागकर गए, जब उन्होंने अहद को उठाया, तभी वह भी करंट की चपेट में आ गए। दोनों करंट से बुरी तरह झुलस गए। घायलों को स्वजन ने जटिया अस्पताल पहुंचाया। जहां पर चिकित्सकों ने इसरार को मृत घोषित कर दिया और बच्चे अहद को गंभीर हालत में दिल्ली के लिए रेफर कर दिया।
खबरें और भी
अहद का सफदरगंज अस्पताल में उपचार चल रहा है। सूचना पर पुलिस और ऊर्जा निगम के कर्मचारी भी अस्पताल पहुंचे व जांच पड़ताल की। इसरार की मौत से स्वजन में कोहराम मच गया। अधीक्षण अभियंता प्रथम हर्षित श्रीवास्तव ने बताया कि 11 हजार केवी हाइटेंशन लाइन में पतंग फंसने पर किशोर ने लोहे के पाइप से पतंग को उतारने का प्रयास किया था।
लोहे के पाइप के लाइन के संपर्क में आने से किशोर करंट की चपेट में आया गया और उसे बचाने गए दादा भी करंट की चपेट में आ गए। इसमें दादा की मौत हो गई। एसडीओ ने घटना के संबंध में कोतवाली पुलिस को भी अवगत कराया है। उन्होंने आमजन से हाइटेंशन लाइन से कोई छेड़छाड़ नहीं करने की अपील की है।