गर्मी के कारण बच्चों के साथ-साथ बड़े भी हो रहे बीमार, स्वस्थ रहने को इन बातों का रखें ख्याल
Bulandshahr News : बुलंदशहर में बढ़ती गर्मी और लू के कारण जिला अस्पताल में उल्टी, दस्त, सिरदर्द और डिहाइड्रेशन के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ी है, जि ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
गर्मी में उल्टी, दस्त व सिरदर्द के मामले बढ़े।
डाॅक्टर दे रहे सावधानी बरतने की सलाह।
जागरण संवाददाता, बुलंदशहर। बढ़ती गर्मी का असर स्वास्थ्य पर पड़ने लगा है। जिला अस्पताल से लेकर निजी अस्पतालों में उल्टी दस्त और सिर दर्द के मरीज बढ़ रहे हैं। बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक डायरिया की चपेट में भी आ रहे हैं। चिकित्सक दवा के साथ गर्मी से बचाव, खाना और पानी में सावधानी बरतने की सलाह दे रहे हैं।
कल्याण सिंह राजकीय मेडिकल कालेज के मेडिसन विभाग के चिकित्सक डा. रजत ने बताया कि पिछले एक सप्ताह में तापमान तेजी से बढ़ा है। पिछले कई दिन से तापमान 38 से 39 डिग्री सेल्सियस चल रहा है। तापमान बढ़ने के साथ लू (Heatwave) भी चलने लगी है।
ऐसे मौसम में पानी की कमी से डिहाईड्रेशन की समस्या हो रही है। साथ ही लू लगना, उल्टी-दस्त, सिरदर्द, और थकान के मामले बढ़ रहे हैं। तेज धूप का असर है कि दोपहर के समय खेतों में गेहूं कटाई करने वाले किसान, मजदूर बीमार होकर अस्पताल पहुंच रहे हैं।
गर्मी में एक बात का ध्यान रखना जरूरी है कि पानी की कमी शरीर में ना होने दें और पानी स्वच्छ हो। बाहर खुले में रखा खाना, कटे हुए फल और फास्टफूड़ खाने से बचें। शनिवार को ओपीडी में 250 से अधिक ऐसे मरीज पहुंचे, जिनको पेट दर्द, दस्त, उल्टी, सिरदर्द, वायरल बुखार की शिकायत थी।
खबरें और भी
सीएमएस डा. प्रदीप राणा ने बताया कि गर्मी पड़नी शुरू हो गई है। गर्म हवा की चपेट में आने से बीमार पड़ना तय है। जब भी बीमार हों तो तुरंत नजदीकी सरकारी अस्पताल में दिखाएं या फिर जिला अस्पताल पहुंचे। जिला अस्पताल में दवा और चिकित्सक दोनों उपलब्ध हैं।
ये बरतें सावधानी
- अधिक से अधिक पानी, नींबू पानी, छाछ और जूस पिएं।
- दोपहर में घर से बाहर न निकलें, बहुत जरूरी हो तो ही निकलें।
- हल्के, ढीले और सूती कपड़े पहनें।
- धूप में निकलते समय सिर को टोपी या छाते से ढकें।
- ताजा भोजन करें, कटी हुई फल-सब्जियों से बचें।
- अत्यधिक ठंडा पानी पीने से बचें।