रेनकोट और दस्ताने पहनकर घुसे चोर, बुलंदशहर में साईं मंदिर से चांदी का छत्र और दानपात्र से नकदी चोरी
बुलंदशहर के मेरठ-बदायूं स्टेट हाईवे स्थित साईं मंदिर में शनिवार रात दो चोरों ने धावा बोला। रेनकोट और दस्ताने पहने चोरों ने चांदी का छत्र और दानपात्र स ...और पढ़ें

HighLights
बुलंदशहर के साईं मंदिर में चोरों ने रेनकोट पहनकर की सेंधमारी।
चांदी का छत्र और दानपात्र से पांच हजार रुपये नकद चोरी।
पुलिस ने दो सुरक्षा गार्ड सहित तीन लोगों को हिरासत में लिया।
जागरण संवाददाता, बुलंदशहर। मेरठ-बदायूं स्टेट हाईवे स्थित साईं मंदिर पर शनिवार की देर रात दो चोरों ने धावा बोला। रेनकोट और दस्ताने पहनकर मंदिर में घुसे चोर चांदी का छत्र और दानपात्र से पांच हजार रुपये की नकदी चोरी कर ले गए। घटना के समय दोनों गार्ड सो रहे थे। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है और दोनों गार्ड समेत तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
साईं मंदिर काफी बड़ा और 20 वर्ष से अधिक पुराना है। मंदिर पर रात में दो सुरक्षा गार्ड तैनात थे। सीसीटीवी फुटेज में दो चोर शनिवार की रात पौने दो बजे घुसते दिखे हैं। मंदिर की पिछली दीवार फांदकर चोरों ने परिसर में प्रवेश किया है।
फुटेज में दोनों चोर रेनकोट एवं दस्ताने पहने दिख रहे हैं, जिस समय घटना हुई सुरक्षा में दोनों गार्ड सो रहे थे। सुबह साढ़े छह बजे जब वह डयूटी से जा रहे थे तो मंदिर का दरवाजा खुला और दानपात्र बाहर पड़ा देखा। इसके बाद उन्होंने कमेटी के सदस्यों को घटना की जानकारी दी।
मंदिर ट्रस्ट के सचिव विकास गर्ग ने बताया कि चोर पांच हजार रुपये से अधिक की नकदी और साईं बाबा के ऊपर लगा 250 ग्राम वजन चांदी का छत्र चोरी कर ले गए हैं। चांदी के छत्र की कीमत 50 हजार रुपए से अधिक आंकी गई है। मंदिर में चोरी से श्रद्धालुओं में रोष व्याप्त है।
खबरें और भी
कोतवाली प्रभारी यज्ञ दत्त शर्मा ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही हैं। दोनों गार्ड समेत तीन लोग हिरासत में हैं, जिनसे पूछताछ की जा रही है। जल्द ही मामले का राजफाश कर दिया जाएगा।
मंदिर की सुरक्षा में लगे हैं 21 सीसीटीवी
स्टेट हाईवे स्थित साईं मंदिर काफी बड़ा और पुराना है। मंदिर की सुरक्षा में 21 सीसीटीवी लगे हैं रात में दो सुरक्षा गार्ड तैनात रहते हैं। चोर रेनकोट नहीं पहनते तो चेहरे सीसीटीवी में रिकार्ड होते। फिंगर प्रिंट से बचने के लिए चोरों ने दस्ताने पहने। इससे लग रहा है कि चोर काफी शातिर किस्म के हैं। पुलिस सुरक्षा गार्डों को लेकर भी पूछताछ कर रही है।
पांच सौ मीटर दूर थी पिकेट
श्रद्धालुओं का कहना है कि साईं मंदिर से लगभग पांच सौ मीटर दूरी पर स्थित शिकारपुर तिराहा पर पुलिस की पिकेट तैनात रहती है। मंदिर हाईवे पर स्थित है पेट्रोलिंग भी होती है। बावजूद इसके मंदिर में चोरों ने घटना कर दी।