बुलंदशहर में चेयरपर्सन के कमरे में नामित सभासद पर टैक्स अधिकारियों को अपशब्द कहने का आरोप
बुलंदशहर नगरपालिका में नामित सभासद पर चेयरपर्सन के कक्ष में कर अधिकारियों से अभद्रता और अपशब्द कहने का आरोप लगा है। यह घटना भाजपा नेता के निजी अस्पताल का गृहकर और जलकर शून्य कराने के दबाव के दौरान हुई।

चेयरपर्सन के कमरे में नामित सभासद पर टैक्स अधिकारियों को अपशब्द कहने का आरोप।
HighLights
नामित सभासद ने चेयरपर्सन के कक्ष में कर अधिकारियों को अपशब्द कहे।
भाजपा नेता के निजी अस्पताल का टैक्स शून्य कराने का दबाव बनाया गया।
महिला कर अधीक्षक जिलाधिकारी से मिलकर शिकायत करेंगी।
जागरण संवाददाता, बुलंदशहर। नगरपालिका में गड़बड़झाला और आरोप-प्रत्यारोप थमने का नाम नहीं ले रही है। पालिका चेयरपर्सन के कक्ष में नामित सभासद ने कर निरीक्षकों को गालियां दी और महिला कर अधीक्षक को अपशब्द कहे।
आरोप है कि कचहरी रोड स्थित भाजपा नेता के भवन में चल रहे निजी अस्पताल का गृहकर और जलकर जीरो करने के लिए पालिका चेयरपर्सन के सामने ये सब हुआ। सोमवार को कर अधीक्षक जिलाधिकारी से मिलकर शिकायत करेंगी।
आरआई (कर निरीक्षक) विवेकानंद पांडेय ने बताया कि शनिवार को पालिका चेयरपर्सन दीप्ति मित्तल अपने कमरे में थीं। तब उनको बुलाया गया। वह अपने साथी आरआइ के साथ चेयरपर्सन के कमरे में गए। वहां नामित सभासद अनुज चौहान मौजूद थे।
नामित सभासद ने कचहरी रोड स्थित भाजपा के एक पदाधिकारी की बिल्डिंग में चल रहे चल रहे निजी अस्पताल का टैक्स खत्म करने के लिए कहा। इस पर उन्होंने कहा कि कर अधीक्षक नियमानुसार ही कार्य करेंगी। इतना सुनकर नामित सभासद भड़के और अपशब्दों का प्रयोग किया।
कुछ देर बाद कर अधीक्षक मयूरी शर्मा को पता चला तो वह चेयरपर्सन के कक्ष के बाहर पहुंची और कहा कि महिला अधिकारी को पीछे गाली देते हो और गलत कार्य करने का दबाव बनाते हो। मयूरी शर्मा का आरोप है कि लगभग 400 वर्ग गज के भवन में 250 पर ही टैक्स लगा है। पानी की सप्लाई भी पालिका की भवन में है।
पालिका में कर्मचारियों और अधिकारियों का काम करना मुश्किल हो रहा है। पिछले साल भी वक्फ की एक संपत्ति पर जबरन नाम दर्ज कराने के लिए उनके साथ भाजपा पदाधिकारियों ने अभद्रता की थी।
कोतवाली में शिकायत की, लेकिन उनकी एफआईआर तक दर्ज नहीं की गई। मयूरी शर्मा का कहना है कि सोमवार को वह अधिवक्ता के साथ जिलाधिकारी कुमार हर्ष से मिलकर शिकायत करेंगी।
उधर, नामित सभासद अनुज चौहान का कहना है कि टैक्स में घपलेबाजी हो रही है। जनता की शिकायत पर वह कई लोगों के टैक्स कम करवा चुके हैं। जिस बिल्डिंग के टैक्स का मामला है वह भाजपा के एक पदाधिकारी की है। निजी अस्पताल में पानी की सप्लाई भी नहीं है। चेयरपर्सन मौजूद थीं। कोई अभद्रता नहीं की है। कार्रवाई के लिए बोर्ड में प्रस्ताव रखवाकर कमेटी से जांच कराएंगे।
पालिका चेयरपर्सन का कहना है कि जिस बिल्डिंग पर टैक्स लगा है। वह निर्माणाधीन है। जनप्रतिनिधि होने के नाते पूरा अधिकार है कि कोई भी फाइल या मामले को वह चेक करके संशोधन करा सकती हैं। मेरे कमरे में केवल वार्ता हुई अभद्रता नहीं हुई।
