विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

विदेश में बैठे नंदू गैंग से जुड़ा है बुलंदशहर का हथियार सप्लायर बदर इस्लाम, दिल्ली क्राइम ब्रांंच ने किया गिरफ्तार

By Vishal Dixit Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Sat, 21 Mar 2026 06:04 PM (IST)

Bulandshahr News : बुलंदशहर के औरंगाबाद के हथियार सप्लायर बदर इस्लाम को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया गया है। वह ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक फोटो

प्रतीकात्मक फोटो

HighLights

  1. बुलंदशहर के औरंगाबाद का हथियार सप्लायर बदर इस्लाम गिरफ्तार।

  2. कई माह से नोएडा में फ्लैट लेकर हथियार सप्लाई का चला रहा था गैंग ।

संवाद सूत्र, औरंगाबाद (बुलंदशहर)। औरंगाबाद के मोहल्ला अजीजाबाद से जिस हथियार सप्लायर को गिरफ्तार किया गया है, वह दिल्ली एनसीआर के कुख्यात हिस्ट्रीशीटर कपिल सांगवान उर्फ नंदू के गैंग से जुड़ा हुआ है। नंदू के बारे में कहा जाता है कि वह कई वर्षों से विदेश में बैठकर अपना नेटवर्क चला रहा है। दिल्ली पुलिस ने औरंगाबाद क्षेत्र से कुल तीन लोग पकड़े थे, जिसमें से एक व्यक्ति की आधिकारिक तौर पर गिरफ्तारी दिखा दी है। पुलिस ने सप्लायर से एक अत्याधुनिक देशी पिस्टल भी बरामद की है।

दिल्ली पुलिस ने किया राजफाश

दिल्ली में शनिवार को प्रेस कांफ्रेंस में दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच के उप पुलिस आयुक्त हर्ष इंदौरा ने राजफाश किया कि विदेश में बैठे कपिल सांगवान उर्फ नंदू गैंग से जुड़े वांछित आरोपित सुमित पुनिया निवासी हरियाणा और उसके गैंग को हथियार सप्लाई करने वाले औरंगाबाद के मोहल्ला अजीजाबाद निवासी बदर इस्लाम को आधुनिक पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया है।

गैंग से औरंगाबाद के युवाओं को भी जोड़ा 

पुलिस के अनुसार आरोपित बदर इस्लाम ने 10वीं तक पढ़ाई की है। उसके दो भाई और तीन बहनें हैं। जल्दी पैसे कमाने के लालच में वह अवैध गतिविधियों में शामिल हो गया। पिछले कई माह से नोएडा में फ्लैट लेकर वही से ही हथियार सप्लाई का गैंग चला रहा था। पुलिस के अनुसार उसने गैंग में औरंगाबाद के युवाओं को भी शौक पूरा करने के लिए जोड़ रखा है। बदर की गिरफ्तारी के बाद गैंग के अन्य सदस्य भी भूमिगत हो गए हैं।

बदर यूपी के विभिन्न थानों में दर्ज चार अन्य आपराधिक मामलों में भी शामिल रहा है। वह संगठित अपराध में सक्रिय रूप से शामिल था और नंदू गैंग को अवैध हथियार उपलब्ध कराता था, जिससे गैंग की गतिविधियों को समर्थन मिलता था। आरोपित द्वारा गैंग के शूटरों सहित अन्य सदस्यों को हथियार उपलब्ध कराना यह दर्शाता है कि एक संगठित नेटवर्क गंभीर अपराधों जैसे रंगदारी और हिंसक वारदातों में संलिप्त था।

उसकी ऐसी गतिविधियां कानून-व्यवस्था और जन सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा था। औरंगाबाद थाना प्रभारी रामनारायण सिंह का कहना है कि दिल्ली पुलिस द्वारा पकड़े गए बदर इस्लाम का अपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है। साथ ही बदर इस्लाम से जुड़े युवकों के बारे में पता लगाया जा रहा है।

ऐसे बदर तक पहुंची पुलिस

दिल्ली क्राइम ब्रांच के हेड कांस्टेबल पवन कुमार को सूचना मिली कि कुख्यात हिस्ट्रीसीटर कपिल सांगवान उर्फ नंदू गैंग का शार्प शूटर सुमित पुनिया दिल्ली के द्वारका इलाके में छिपा हुआ है। पुलिस ने उसे वहां से गिरफ्तार करके अत्याधुनिक सेमी आटोमैटिक स्टार पिस्टल बरामद की। पूछताछ में सुमित ने बदर इस्लाम से हथियार खरीदने की बात कही थी। जिसके बाद दिल्ली पुलिस ने बदर इस्लाम को गिरफ्तार किया है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।