विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पूर्व विधायक गुड्डू पंडित पर कांग्रेस की महिला नेता से मारपीट और बदसलूकी का आरोप, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल ​

By Vipin Kumar Sharma Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Fri, 04 Sep 2026 03:58 PM (IST)

बुलंदशहर में कांग्रेस नेत्री अर्चना पांडा ने पूर्व विधायक गुड्डू पंडित पर घर में घुसकर मारपीट और अभद्रता का आरोप ...और पढ़ें

HighLights

  1. पूर्व विधायक गुड्डू पंडित पर मारपीट का आरोप।

  2. कांग्रेस नेत्री अर्चना पांडा ने दर्ज कराई शिकायत।

जागरण संवाददाता, बुलंदशहर। शहर के शिकारपुर बाईपास रोड स्थित ओल्ड आरटीओ ऑफिस के पास रहने वाली कांग्रेस नेत्री अर्चना पांडा ने पूर्व विधायक श्रीभगवान शर्मा ऊर्फ गुड्डू पंडित पर घर में घुसकर गाली-गलौज, मारपीट और अभद्रता करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने पुलिस को शिकायती पत्र देकर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और अपने परिवार की सुरक्षा की गुहार लगाई है।

पीड़िता अर्चना पांडा के अनुसार, वह अपने बेटे के साथ घर के भीतर थीं। आरोप है कि पूर्व विधायक श्रीभगवान शर्मा उर्फ गुड्डू पंडित उनके निवास स्थान पर पहुंचे और जोर-जोर से दरवाजा खटखटाते हुए चिल्लाने लगे। पीड़िता जब दरवाजा खोलने गई, तो आरोपी ने उन्हें जबरन धक्का देकर फर्श पर गिरा दिया और अश्लील व अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया।

शिकायत में कहा गया है कि फर्श पर गिरने के बाद आरोपी ने महिला के बाल खींचे और उनके साथ बुरी तरह मारपीट की। महिला की चीख-पुकार सुनकर घर का नौकर मौके पर पहुंचा और उसने मोबाइल से घटना का वीडियो बनाना शुरू कर दिया।

वीडियो बनता देख आरोपी मारपीट रोककर पीछे हटा, जिसके बाद पीड़िता किसी तरह अपनी जान बचाकर सड़क की ओर भागी और स्थानीय पुलिस को सूचना दी। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। हालांकि जागरण इसकी पुष्टि नहीं करता।  

कांग्रेस नेत्री अर्चना पांडा ने पुलिस प्रशासन को अवगत कराया है कि पूर्व विधायक और उनका परिवार उन्हें तथा उनके बच्चे को लगातार धमकियां दे रहा है। अदालत में आरोपी के खिलाफ पहले से भी कुछ मामले लंबित हैं। पीड़िता ने स्पष्ट किया है कि वह कोर्ट में चल रहे किसी भी केस को वापस नहीं लेंगी। उन्होंने अपनी और अपने मासूम बच्चे की जान का खतरा बताते हुए चौबीसों घंटे महिला पुलिस सुरक्षा तैनात करने की मांग की है।

पुलिस मामले की जांच कर रही है। सीओ सिटी प्रखर पांडेय ने बताया कि मामले की जांच कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।