विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बुलंदशहर: पूर्व राज्य मंत्री और शिकारपुर से भाजपा विधायक अनिल शर्मा का निधन, CM ने जताया शोक

By Bhupendra Kumar Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Wed, 02 Sep 2026 01:09 PM (IST)

Bulandshahr News: पूर्व राज्य मंत्री और भाजपा विधायक अनिल शर्मा का बुधवार दोपहर दिल्ली के बीएल कपूर अस्पताल में निधन ...और पढ़ें

भाजपा विधायक अनिल शर्मा का फाईल फोटो

भाजपा विधायक अनिल शर्मा का फाईल फोटो

HighLights

  1. दिल्ली के बीएल कपूर अस्पताल में अंतिम सांस ली।

  2. गुरुवार को गांव सूरजावली में होगा अंतिम संस्कार

जागरण संवाददाता, बुलंदशहर। दिल्ली के बीएलके मैक्स अस्पताल में उपचाराधीन कैंसर से पीड़ित पूर्व वन व पर्यावरण राज्यमंत्री व शिकारपुर विधायक का निधन हो गया। गुरुवार को उनका अंतिम संस्कार पैतृक गांव सूरजावली में होगा। मुख्यमंत्री ने विधायक के पुत्र से मोबाइल पर वार्ता कर दुख प्रकट किया। उनके निधन से जिले में शोक छा गया।

ग्राम सूरजावली निवासी पूर्व वन व पर्यावरण राज्यमंत्री व शिकारपुर विधायक 63 वर्षीय अनिल शर्मा कैंसर से पीड़ित थे। उनका उपचार पिछले दो माह से दिल्ली के करोल बाग स्थित बीएलके मैक्स अस्पताल में चल रहा था। बुधवार की दोपहर 12 बजे अनिल शर्मा को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर जिले में शोक छा गया।

सांसद डा. भोला सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष विकास चौहान समेत अन्य भाजपा नेता ने अस्पताल में उन्हें श्रद्धांजलि दी। उनके इकलौते पुत्र कुश शर्मा के मोबाइल पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुख प्रकट करते हुए उन्हें हिम्मत से काम लेने को कहा। पीआरओ यशु ने बताया कि गांव सूरजावली में अंतिम संस्कार गुरुवार की सुबह दस बजे किया जाएगा। अंतिम संस्कार में प्रभारी मंत्री दिलेर सिंह समेत अन्य राजनीतिक व समाजसेवी पहुंचेंगे।

अनिल शर्मा ने दादा की राजनीतिक विरासत को संभाला

अनिल शर्मा के पिता विजय कुमार शर्मा समाजसेवी थे। वहीं दादा पंडित लक्ष्मीचंद शर्मा नंबरदार कांग्रेस के जिलाध्यक्ष रहे थे। अनिल शर्मा ने 26 वर्ष की आयु में दादा की राजनीति विरासत को संभालते हुए वर्ष 1989 ग्राम प्रधान का चुनाव लड़ा और विजयी हुए। 1994 में दोबारा गांव के प्रधान निर्वाचित हुए।

उन्होंने 2002 में बहुजन समाज पार्टी के टिकट से खुर्जा विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा और जीत दर्ज की। 2007 में अनिल शर्मा बसपा से दोबारा खुर्जा विधानसभा सीट से जीते। परिसीमन के बाद शिकारपुर विधानसभा सीट से बसपा से 2012 में चुनाव लड़े, लेकिन सपा के मुकेश शर्मा से हार गए। इसके बाद अनिल शर्मा भाजपा में शामिल हो गए। भाजपा के टिकट से शिकारपुर विधानसभा सीट से 2017 व 2022 में चुनाव जीते।

वर्ष 2019 में प्रदेश की भाजपा सरकार में वन व पर्यावरण राज्यमंत्री रहे। उनकी धर्मपत्नी मूर्ति देवी भी एक बार जिला पंचायत सदस्य रही। वहीं उनके छोटे भाई केशव शर्मा की पत्नी ममता शर्मा फिलहाल गांव सूरजावली की प्रधान है।