संगम एक्सप्रेस का स्टापेज अब गुलावठी में भी, रेलवे स्टेशन जल्द ही बनेगा माडल
गुलावठी में संगम एक्सप्रेस ट्रेन का ठहराव शुरू हो गया है, जिससे यात्रियों की वर्षों पुरानी मांग पूरी हुई है। राज्यसभा सांसद सुरेंद्र नागर ने हरी झंडी ...और पढ़ें

गुलावठी रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में लोगों को संबोधित करते राज्यसभा सदस्य सुरेंद्र सिंह नागर व मंचासीन डीआरएम विनीता श्रीवास्तव। सौ.रेलवे
HighLights
गुलावठी में संगम एक्सप्रेस का ठहराव शुरू हुआ।
यात्रियों की वर्षों पुरानी मांग अब पूरी हुई।
स्टेशन मॉडल स्टेशन के रूप में विकसित होगा।
संवाद सहयोगी, जागरण. गुलावठी (बुलंदशहर)। अर्से से चली आ रही संगम एक्सप्रेस ट्रेन के स्टापेज की मांग पूरी हो गई है। रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार देर शाम संगम ट्रेन रुकी। भाजपा के राष्ट्रीय सचिव एवं राज्यसभा सदस्य सुरेंद्र नागर ने हरी झंडी दिखाकर संगम ट्रेन को रवाना किया।
इस मौके पर सुरेंद्र नागर ने रेल मंत्री का आभार जताते हुए कहा कि मोदी सरकार हर क्षेत्र में विकास के साथ लोगों को सुविधाएं प्रदान कर रही है। गुलावठी रेलवे स्टेशन को माडल स्टेशन के रूप में विकसित करने की रेल मंत्री ने सहमति दी है। बहुत जल्द गुलावठी रेलवे स्टेशन के दो प्लेटफार्म हाईटेक सुविधाओं से लैस होंगे। मंडल रेल प्रबंधक मुरादाबाद मंडल विनीता श्रीवास्तव ने बताया कि गुलावठी से संगम एक्सप्रेस से यात्रा करने वाले यात्री रेल वन एप के माध्यम से रिजर्वेशन कर सकते है। इस दौरान लोगों ने राज्यसभा सदस्य सुरेंद्र नागर को ज्ञापन देकर दोपहर के समय चलने वाली मेरठ-खुर्जा पैसेंजर ट्रेन का संचालन कराने, रेलवे स्टेशन को जाने वाले रास्ते पर प्रकाश व्यवस्था कराए जाने की मांग की।
उल्लेखनीय है कि गुलावठी में पिछले एक दशक से लोग संगम एक्सप्रेस के ठहराव की मांग कर रहे थे। पहले यह ट्रेन बुलंदशहर और हापुड़ स्टेशन पर रुकती थी, जिस कारण गुलावठी के यात्रियों को यात्रा के लिए हापुड़ या बुलंदशहर जाना पड़ता था। मेरठ-सूबेदारगंज (संगम एक्सप्रेस) ट्रेन कानपुर होते हुए प्रयागराज तक जाएगी।
यह ट्रेन रात में 8 बजकर पांच मिनट पर गुलावठी स्टेशन पहुंचेगी जहां दो मिनट के ठहराव के बाद 8 बजकर सात मिनट पर प्रयागराज के लिए रवाना होगी। क्षेत्रीय भाजपा विधायक लक्ष्मीराज सिंह, अपर मंडल रेल प्रबंधक प्रेम शंकर झा, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव, वरिष्ठ मंडल अभियंता चतुर्थ रवि विक्रम सिंह आदि रेलवे के अधिकारी मौजूद रहे। संचालन मुख्य हित निरीक्षक संजय माथुर ने किया।