Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    UP की नहर में नहाने की जगह नए स्मार्टफोन निकालने को कूदे लोग; बहते 'पैकेट बंद' मोबाइल देख मची अफरातफरी

    By Bhupendra Kumar Edited By: Praveen Vashishtha
    Updated: Tue, 28 Jul 2026 02:05 PM (GMT+05:30)

    बुलंदशहर की परोरी नहर में पैकेटबंद मोबाइल बहते मिलने से हड़कंप मच गया, ग्रामीणों ने नहर से कई फोन निकाले। पुलिस मामले की जांच कर रही है। ...और पढ़ें

    बुलंदशहर की नहर से मिले मोबाइल फोन दिखाते ग्रामीण।

    बुलंदशहर की नहर से मिले मोबाइल फोन दिखाते ग्रामीण।  

    HighLights

    1. बुलंदशहर की परोरी नहर में बहते मिले पैकेटबंद मोबाइल।

    2. ग्रामीणों ने नहर में कूदकर कई मोबाइल फोन निकाले।

    3. पुलिस ने दो मोबाइल बरामद किए, दिल्ली से चोरी का शक।

    जागरण संवाददाता, बुलंदशहर। गौतमबुद्धनगर से सटे क्षेत्र जहांगीरपुर थाना की परोरी नहर में पैकेट बंद मोबाइल बहने की सूचना पर ग्रामीणों में अफरातफरी का माहौल बन गया। कुछ ग्रामीणों ने नहर में कूदते हुए मोबाइल निकाल भी लिए। उधर सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने जांच की, तो ग्रामीणों द्वारा निकाले गए दो मोबाइल पुलिस को बरामद हुए। जिन्हें पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

    बताया गया कि दिल्ली में मोबाइल चोरी हुए थे। आशंका जताई जा रही है कि पुलिस के डर से आरोपितों ने नहर में मोबाइल को फेंक दिया होगा, जो बहते हुए यहां तक पहुंच गए।

    जहांगीरपुर थाना क्षेत्र के परौरी निवासी पूर्व प्रधान संजय सिंह, धूम सिंह आदि ने बताया कि शनिवार शाम को गांव के कुछ लोग नहर किनारे घूम रहे थे। इसी दौरान गौतमबुद्धनगर के जेवर कोतवाली क्षेत्र के गांव अली अहमदपुर उर्फ गढ़ी के लोगों ने सूचना दी कि नहर में पैकेट बंद मोबाइल बहते हुए जा रहे हैं। जिस पर घूम रहे लोगों ने नहर की तरफ देखा, तो कुछ पैकेट बंद मोबाइल बहते हुए आगे की तरफ जा रहे थे।

    जिस पर उन्होंने नहर से मोबाइल निकाल लिए। थाना क्षेत्र में दो लोगों द्वारा पैकेट बंद मोबाइल निकाले गए। साथ ही कुछ मोबाइल आगे की तरफ बह गए। स्थानीय लोगों ने बताया कि पहले ही गौतमबुद्धनगर क्षेत्र में भी कुछ मोबाइल लोगों द्वारा नहर से निकाल लिए गए। उधर नहर में मोबाइल बहने की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को फोन करके दी।

    सूचना मिलने पर जहांगीरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस द्वारा दो मोबाइल बरामद किए गए। मोबाइल बरामद होने के बाद पुलिस ने जांच की, तो प्राथमिक जांच में सामने आया है कि दिल्ली से ट्रक अहमदाबाद के लिए मोबाइल लेकर गया था। जिसमें से कुछ मोबाइल चोरी हो गए थे। वहीं मोबाइल नहर में बहते हुए यहां पहुंचे हैं।

    खबरें और भी

    हालांकि अभी तक दिल्ली पुलिस की तरफ से स्थानीय पुलिस से कोई संपर्क नहीं किया गया है। सीओ खुर्जा शोभित कुमार ने बताया कि थाना क्षेत्र में दो मोबाइल पुलिस को मिले हैं। दिल्ली से मोबाइल चोरी होने प्राथमिक जांच में आया है। दिल्ली पुलिस से संपर्क किया जा रहा है। हालांकि अभी थाना पुलिस से बाहर की पुलिस द्वारा कोई संपर्क नहीं किया गया है।