Chandauli News: अधिग्रहित भवन को ध्वस्त करने पहुंची टीम को ग्रामीणों ने रोका, किया हंगामा
चंदौली में अधिग्रहित भवन को गिराने पहुंची टीम को ग्रामीणों के कड़े विरोध का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों ने अधिग्रहण प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए जमकर हं ...और पढ़ें
-1761905518837_m.webp)
जागरण संवाददाता, ताराजीवनपुर (चंदौली)। भारतमाला परियोजना के तहत भूमि अधिग्रहण को लेकर गुरुवार को रेवसा गांव में हंगामा खड़ा हो गया। अधिग्रहित भूमि पर स्थित भवनों को ध्वस्त कराने पहुंचे उप जिलाधिकारी अनुपम मिश्रा को ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों ने कार्रवाई को राेकते हुए एक दिन का समय मांगा। इस दौरान दिनेश यादव के मकान के ध्वस्त करते ही ग्रामीण धरना पर बैठ गए और हंगामा करने लगे। जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते समय दो को पुलिस हिरासत में लेकर थाने ले गई। रात होते ही ध्वस्तीकरण की कार्रवाई तेज हो गई।
ग्रामीणों का आरोप था कि पिछले चार महीनों से आंदोलन जारी है, इसके बावजूद अब तक कोई सक्षम अधिकारी गांव में आकर उनकी बात नहीं सुन सका। ग्रामीणों ने कहा कि मुआवजा वितरण और पुनर्वास नीति पर पारदर्शी तरीके से चर्चा किए बिना ज़मीन व मकान खाली नहीं करेंगे।
उप जिलाधिकारी ने बताया कि गांव में भूमि के मुआवजे का वितरण 95 प्रतिशत पूरा कर लिया गया है। इसके बावजूद लगातार समय मांगा जा रहा है। उन्होंने कहा कि परियोजना को समय से पूर्ण होना अति आवश्यक है। ग्रामीणों के बीच काफी देर तक वार्ता चलती रही। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन और उग्र होगा। इस दौरान सीओ कृष्ण मुरारी शर्मा, थानाध्यक्ष अनिल कुमार पांडेय, नायब तहसीलदार अमित कुमार आदि थे।