159 साल पुराने चित्रकूट के बरगढ़ रेलवे स्टेशन पर सुविधाओं का टोटा, महज तीन जोड़ी ट्रेनों का ठहराव; 4 लाख आबादी परेशान
चित्रकूट का 159 साल पुराना बरगढ़ रेलवे स्टेशन आज भी सुविधाओं से वंचित है, जहां केवल तीन जोड़ी पैसेंजर ट्रेनें ...और पढ़ें
-1793022414375_m.webp)
यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है।
HighLights
बरगढ़ स्टेशन 159 साल पुराना, सुविधाओं से वंचित।
केवल तीन जोड़ी पैसेंजर ट्रेनों का ठहराव है।
सांसद कृष्णा देवी पटेल ने ठहराव बढ़ाने की मांग की।
संवाद सूत्र, बरगढ़(चित्रकूट)। अंग्रेजों के दौर में 1867 में स्थापित बरगढ़ रेलवे स्टेशन 159 साल बाद भी सुविधाओं के लिए तरस रहा है। उत्तर मध्य रेलवे के इस स्टेशन पर महज तीन जोड़ी पैसेंजर ट्रेनों का ठहराव है। इससे चित्रकूट के 50 से अधिक गांवों की करीब चार लाख आबादी के साथ मध्य प्रदेश के रीवा जिले के यात्रियों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। सुविधाओं के अभाव में लोगों को शंकरगढ़, डभौरा, मानिकपुर और प्रयागराज तक दौड़ लगानी पड़ती है।
बरगढ़ औद्योगिक क्षेत्र होने के साथ शिक्षा का बड़ा केंद्र है। यहां राजकीय पालीटेक्निक में देवरिया, बस्ती, बलिया, गोरखपुर, जौनपुर, वाराणसी, अलीगढ़, फर्रुखाबाद और कानपुर समेत कई जिलों के विद्यार्थी पढ़ते हैं। राजकीय आईटीआई कलचिहा, राजकीय आश्रम पद्धति इंटर कॉलेज और राजकीय इंटर कॉलेज में भी बाहरी जिलों के शिक्षक-कर्मचारी तैनात हैं।
थाना, वन विभाग और बैंकों में कार्यरत कर्मियों को भी आवागमन में दिक्कत होती है।स्थानीय लोगों के अनुसार पहले सारनाथ एक्सप्रेस का ठहराव था, जो कोरोना काल में बंद हो गया। तब से नौकरीपेशा, विद्यार्थी और लंबी दूरी के यात्रियों को अतिरिक्त समय और खर्च वहन करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव बहाल करने की मांग की है।
स्टेशन पर यात्री शेड की कमी है। धूप और बारिश में यात्रियों को खुले आसमान के नीचे इंतजार करना पड़ता है। स्वच्छ पेयजल की समुचित व्यवस्था नहीं है।अजय कुमार कहते हैं कि ऐतिहासिक महत्व के बावजूद स्टेशन उपेक्षित है, ट्रेनों के ठहराव से व्यापार बढ़ेगा। अशोक पाठक के अनुसार शैक्षणिक संस्थानों के कारण आवागमन बढ़ा है, सुविधाएं जरूरी हैं।
प्रयागराज मंडल के जनसंपर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने कहा कि बरगढ़ में प्रतिदिन 50 से भी कम टिकट बिकते हैं, इसलिए बड़ी ट्रेनों का ठहराव नहीं है। ठहराव बढ़ाने का कोई मांगपत्र भी प्राप्त नहीं हुआ है। इसी संबध में सांसद कृष्णा देवी पटेल ने कहा कि प्रयागराज मानिकपुर और चित्रकूट की ओर से आने जाने वाली कुछ और ट्रेनों के स्टापेज बरगढ़ में कराने की मांग केंद्रीय रेलमंत्री से करेंगीं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।