विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Chitrakoot Flood: चारों तरफ पानी ही पानी... मरंकडा और शरभंग नदी के उफान से गांव खाली कराए, ट्रेनें रोकी, देखें तस्वीरें

Published: Sat, 29 Aug 2026 02:34 PM (IST)

चित्रकूट में मंदाकिनी और शरभंग नदियों में आई बाढ़ ने 23 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। हालात बिगड़ने पर ...और पढ़ें

चित्रकूट में बांध के ऊपर से गुजरता पानी और मुंबई हावड़ा रेलवे ट्रैक पर पानी भरने से खड़ी ट्रेनें। वीडियो ग्रैब

चित्रकूट में बांध के ऊपर से गुजरता पानी और मुंबई हावड़ा रेलवे ट्रैक पर पानी भरने से खड़ी ट्रेनें। वीडियो ग्रैब

HighLights

  1. मंदाकिनी नदी ने 23 साल पुराना बाढ़ का रिकॉर्ड तोड़ा

  2. टिकरिया डोंडा बांध भरने से कई गांव खाली कराए गए

  3. शरभंग नदी के उफान से ट्रेनें रोकीं, एनडीआरएफ तैनात

जागरण संवाददाता, चित्रकूट। नेपाल जलप्रलय भयावह तस्वीरें और वीडियो लोगों की जेहन से अभी मिटे नहीं कि चित्रकूट में आई बाढ़ ने लोगों को दहशत में डाल दिया। चित्रकूट में मंदाकिनी नदी ने ऐसा रौद्र रूप दिखाया कि 23 साल पुराना बाढ़ का रिकॉर्ड टूट गया। टिकरिया डोंडा बांध भर जाने से गांव खाली करा दिए गए। उधर शरभंग नदी के उफान से मुंबई-हावड़ा रेलमार्ग पर पानी भरने से ट्रेनें रोक दी गईं। एनडीआरएफ को बुला लिया गया है।

शनिवार दोपहर मंदाकिनी नदी का जलस्तर 134.650 मीटर पहुंच गया, जो वर्ष 2003 के 134.500 मीटर के रिकॉर्ड से 15 सेंटीमीटर अधिक है। बाद के अपडेट में जलस्तर 134.900 मीटर पहुंच गया। रामघाट पूरी तरह डूब गया है और सीतापुर, पुरानी लंका, आरोग्यधाम व कर्वी के तरौंहा समेत कई बस्तियों में पानी घुस गया है। 

chitrakoot flood

पुलिस अधीक्षक चित्रकूट द्वारा मौके पर पहुंचकर घाटों पर जलस्तर की स्थिति, आवागमन की व्यवस्था तथा पुलिस एवं प्रशासन द्वारा किए गए सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। साथ ही आपदा प्रबंधन टीम एवं गोताखोरों द्वारा राहत बचाव कार्य किया जा रहा है।
 

 

 

कर्वी के पुल पर भी पानी पहुंचने से भारी वाहनों का आवागमन रोक दिया गया है। उधर शरभंग नदी के उफान से मुंबई-हावड़ा रेलमार्ग पर पानी भरने के कारण एक दर्जन ट्रेनें प्रभावित हुईं। चार बस्तियों को खाली कराया गया है और हालात को देखते हुए एनडीआरएफ को बुलाया गया है।

chitrakoot flood

टिकरिया डोंडा बांध में छेद से रिसाव

मध्य प्रदेश के सीमावर्ती सतना और चित्रकूट में लगातार हो रही भारी बारिश और पहाड़ों से उतर रहे पानी ने हालात बिगाड़ दिए। मंदाकिनी, बरदहा और वाल्मीकि नदी के साथ नाले उफान पर हैं, जबकि यमुना का जलस्तर भी करीब एक मीटर बढ़ गया है। मारकुंडी क्षेत्र में टिकरिया डोंडा बांध लबालब भरने के बाद गेट के पास छेद होने से पानी बहने लगा।

chitrakoot flood

टूट सकता है बांध, गांव खाली करा दिए

बांध टूटने की आशंका में डोंडा माफी, लल्लू का पुरवा, चौकी पुरवा और अहिरान की बस्तियां ग्रामीणों ने खाली कर दीं। परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी पुलकित गर्ग ने प्रयागराज से एनडीआरएफ टीम बुलाई है।

श्रद्धालुओं को सुरक्षित निकाला जा रहा

तीर्थ क्षेत्र की सड़कों में जलभराव के कारण बड़ी संख्या में श्रद्धालु होटलों, गेस्ट हाउसों व मठ-मंदिरों में फंस गए हैं। प्रशासन इन्हें निकलने के प्रयास कर रहा है, क्योंकि पानी अभी और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

Chitrakoot Flood Alert

हाईवे में पुल को छू रहा पानी, भारी वाहनों को रोका

झांसी-मीरजापुर राष्ट्रीय राजमार्ग में कर्वी स्थित पुल भी पानी छूने लगा है। बाढ़ देने वालों को पुलिस हटा रहा है। भारी वाहनों के आवागमन पर रोक लगा दी गई है। सिर्फ पैदल और छोटे वाहन अभी निकल रहे हैं। जैसे पानी बढ़ रहा है तो उन्हें भी रोका जा सकता है।

 

 

 

रोडवेज भी रोका

मुख्यालय के हाईवे पर स्थित पुल को मंदाकिनी नदी का पानी टच कर गया है। पुल की तलहटी से पानी टकरा रहा है इसे देखते हुए यातायात के 6 सिपाही पुल के दोनों और तैनात किए गए हैं इस मार्ग पुल पर आने वाले वाहनों को वन वे कर निकाला जा रहा है। कई रोडवेज बसों को रोक दिया गया है

chitrakoot flood

शरभंग नदी के उफान से मुंबई-हावड़ा रेलमार्ग पर संकट, चितहरा-खुटहा के बीच ट्रैक डूबा

शरभंग नदी ने मुंबई-हावड़ा रेलमार्ग पर रेल यातायात की रफ्तार थाम दी। चितहरा स्टेशन से खुटहा स्टेशन तक रेलवे ट्रैक पर तेज बहाव है। करीब चार घंटे तक इस रेलखंड पर ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहा और कई ट्रेनों को रास्ते में अलग-अलग स्टेशनों पर रोकना पड़ा।

ये ट्रेनें प्रभावित

मानिकपुर स्टेशन प्रबंधक शीवेश मालवीय बताया कि रेलवे ट्रैक पर पानी भरने के कारण पवन एक्सप्रेस, काशी एक्सप्रेस, अमृत भारत एक्सप्रेस, सारनाथ एक्सप्रेस, दानापुर एक्सप्रेस, गोदान एक्सप्रेस, रीवा-आनंद विहार एक्सप्रेस, जनता एक्सप्रेस, दुर्ग-नौतनवा एक्सप्रेस और इटारसी एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ। वहीं पीडब्ल्यूआई प्रभात कुमार ने बताया कि रेलवे ट्रैक करीब डेढ़ फीट पानी में डूबा हुआ था।

WhatsApp Image 2026-08-29 at 13.43.35

मंदाकिनी नदी का जल स्तर 134.900 मीटर पहुंचने पर झांसी-मीरजापुर राष्ट्रीय राजमार्ग में कर्वी के पुल में आवागमन रोक दिया गया है। जागरण